ये कैसा प्यार! दो बच्चों के PAPA ने अविवाहित युवती के साथ एक पेड़ पर किया सुसाइड 

कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम हथमुड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत में एक बबूल के पेड़ से एक ही फंदे पर युवक और युवती के शव लटकते मिले.
Love Story

कवर्धा. कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम हथमुड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत में एक बबूल के पेड़ से एक ही फंदे पर युवक और युवती के शव लटकते मिले. मृतकों में दो बच्चों का पिता छोटू चंद्रवंशी और अविवाहित युवती ज्योति चंद्रवंशी शामिल हैं. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आई है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक ग्रामीण जब कृषि कार्य के लिए खेतों की ओर पहुंचे, तो उनकी नजर बबूल के पेड़ पर लटक रहे दोनों शवों पर पड़ी. एक ही फंदे पर दोनों के शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

शादीशुदा युवक और युवती के बीच था प्रेम-प्रसंग

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार छोटू चंद्रवंशी पहले से विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं. वहीं ज्योति चंद्रवंशी अविवाहित थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे विवाह करना चाहते थे. युवक के विवाहित होने और उसके दो बच्चों के कारण दोनों के रिश्ते को लेकर पारिवारिक एवं सामाजिक स्तर पर परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं. आशंका है कि इसी वजह से दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया.

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी. इस घटना से जहां मृत युवक के दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं युवती के परिवार में भी मातम पसरा हुआ है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: स्कूटी और कार में भिड़ंत, धू-धूकर जली कार… 

ज़रूर पढ़ें