CG News: बिलासपुर में जल्‍द शुरू होगी पाइप से रसोई गैस, 31 जुलाई से PNG सप्‍लाई का लक्ष्‍य, 1300 रुपये में मिलेगा कनेक्शन

CG News: अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने शहर में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेज कर दिया है और कंपनी का लक्ष्य 31 जुलाई से नियमित घरेलू गैस आपूर्ति शुरू करना है.
PNG Gas Connection Easy Process

पीएनजी कनेक्शन

CG News: बिलासपुर में घरेलू रसोई गैस व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. एलपीजी सिलेंडर की जगह अब पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने शहर में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेज कर दिया है और कंपनी का लक्ष्य 31 जुलाई से नियमित घरेलू गैस आपूर्ति शुरू करना है.

330 से अधिक परिवारों ने कराया आवेदन

कंपनी के अनुसार, अब तक 330 से अधिक परिवार पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर चुके हैं. इनमें से करीब 30 घरों में मीटर लगाने और कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. शुरुआत राजकिशोर नगर क्षेत्र से की जा रही है, जिसके बाद मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी समेत अन्य इलाकों में चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे.

54 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन तैयार

शहर में पीएनजी नेटवर्क तैयार करने के लिए लगभग 54 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है. कंपनी लगातार नेटवर्क का विस्तार कर रही है ताकि अधिक से अधिक घरों तक पाइप के जरिए गैस पहुंचाई जा सके.

1300 रुपये से मिलेगी कनेक्शन की सुविधा

पीएनजी कनेक्शन की कुल अनुमानित लागत करीब छह हजार रुपये रखी गई है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं. उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान के बजाय आसान ईएमआई का विकल्प भी दिया जा रहा है. शुरुआती भुगतान लगभग 1300 रुपये से कनेक्शन लेने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

कच्छार प्लांट से होगी गैस की आपूर्ति

गैस आपूर्ति के लिए कच्छार क्षेत्र में बनाया गया ट्रांसमिशन गैस प्लांट पूरी तरह तैयार है और वहां नेचुरल गैस पहुंचनी भी शुरू हो चुकी है. इसी प्लांट से शहर के विभिन्न हिस्सों तक पाइपलाइन नेटवर्क जोड़ा गया है. कंपनी का कहना है कि घरेलू गैस आपूर्ति शुरू करने के लिए जरूरी अधिकांश आधारभूत तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.

तीन चरणों में होगा नेटवर्क का विस्तार

पूरे शहर में पीएनजी सेवा का विस्तार तीन चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी को शामिल किया गया है. इसके बाद दूसरे चरण में मंगला और तीसरे चरण में कोनी क्षेत्र में नेटवर्क का विस्तार होगा. फिलहाल तकनीकी परीक्षण और शुरुआती संचालन के कारण सबसे पहले राजकिशोर नगर में गैस सप्लाई शुरू करने की तैयारी की जा रही है.

31 जुलाई तक सप्लाई शुरू करने का लक्ष्य

कंपनी के स्टेट हेड विनोद साहू के मुताबिक, बिलासपुर में पीएनजी को लेकर लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है. 330 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और कई घरों में मीटर लगाने का काम शुरू हो चुका है. निर्धारित योजना के अनुसार 31 जुलाई तक राजकिशोर नगर में गैस आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य है, जिसके बाद अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से सेवा का विस्तार किया जाएगा.

ये भी पढे़ं- LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! PNG कनेक्शन लेने के बाद भी दोबारा चालू करा सकेंगे गैस कनेक्शन, जानें नया नियम

ज़रूर पढ़ें