CG News: बिलासपुर स्टेशन पर खाने की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बिना नाम और पैकिंग तारीख के बिक रहा खाना
बिलासपुर रेलवे स्टेशन (फाइल फोटो)
CG News: बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बिक रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर यात्रियों ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है. शिवनाथ एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों का आरोप है कि उन्हें खराब और दुर्गंधयुक्त भोजन बेचा गया. मामले की शिकायत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक से की गई, लेकिन शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिखा.
22 जून की घटना के बाद दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार 22 जून को शिवनाथ एक्सप्रेस के एस-7 कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर मौजूद हाकरों से 150 रुपये प्रति थाली के हिसाब से तीन सादा शाकाहारी भोजन खरीदे. आरोप है कि भोजन प्लास्टिक की थालियों में दिया गया, लेकिन उस पर निर्माता, सप्लायर, लाइसेंस नंबर या पैकिंग से जुड़ी कोई जानकारी दर्ज नहीं थी.
भोजन में दुर्गंध आने का आरोप
यात्रियों का कहना है कि थाली खोलते ही तेज दुर्गंध आने लगी. दाल, पूरी और सब्जी खराब हालत में थीं, जिससे फूड प्वाइजनिंग का खतरा महसूस हुआ. इसके बाद पूरा भोजन डस्टबिन में फेंक दिया गया. शिकायतकर्ताओं ने तत्काल इसकी जानकारी मोबाइल फोन के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को दी. उनका दावा है कि अधिकारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया और बाद में करीब 30 लोगों को पकड़ने की जानकारी भी साझा की.
पैकिंग और पहचान को लेकर उठे सवाल
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि भोजन की पैकिंग पर जरूरी विवरण मौजूद नहीं था. साथ ही भोजन बेचने वाले हाकरों के पास भी कोई पहचान पत्र नहीं दिखा. ऐसे में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
कार्रवाई के दावों पर विवाद
शिकायतकर्ता नरेंद्र दत्तात्रेय तेलंग का आरोप है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद स्टेशन पर अनधिकृत भोजन की बिक्री पहले की तरह जारी है. उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है. वहीं रेलवे के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.