जल्द बनने वाली है Kiran Singh Deo की नई टीम, BJP प्रदेश संगठन में नजर आएंगे नए चेहरे

CG Politics: छत्तीसगढ़ BJP संगठन में जल्द बड़ा बदलाव होने वाला है. माना जा रहा है कि इस बार BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की टीम में नए चेहरे नजर आने वाले हैं.
kiran_singh_deo

BJP प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव

CG Politics: हाल ही में छत्तीसगढ़ में निगम मंडल और आयोगों में अध्यक्षों की नियुक्ति हुई है. इन नियुक्तियों में 18 से ज्यादा BJP प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों को जगह मिली है. इनमें एक महामंत्री, एक उपाध्यक्ष, 3 संभाग प्रभारी, 2 मोर्चा अध्यक्ष, 4 प्रवक्ता और 9 कार्यसमिति के सदस्य शामिल हैं. इस बीच BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की टीम यानी BJP प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि निगम, मंडल और आयोग में जिन्हें पद नहीं मिला है उन्हें प्रदेश संगठन में मौका मिल सकता है. यानी BJP प्रदेश अध्यक्ष की टीम में नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं.

जल्द बनेगी किरण सिंह देव की नई टीम

प्रदेश भाजपा संगठन के 18 से ज्यादा पदाधिकारी को प्रदेश सरकार ने निगम मंडल में पद दे दिया है. अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की नई टीम जल्द बनना तय है. प्रदेश भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव होगा जिसके लिए कवायद भी तेज हो गई है .बीजेपी के प्रदेश कार्यकारिणी में क्या होगा नया और किस मिलेगा मौका यह एक बड़ा सवाल है. इन सबके बीच कांग्रेस ने भी तंज कसा है.

लंबे इंतजार के बाद नियुक्ति

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद लंबे समय से निगम मंडल और आयोग में नियुक्ति का इंतजार था. पिछले साल से इसमें नियुक्ति करने का क्रम शुरू हुआ था, लेकिन निगम मंडल में नियुक्ति नहीं हो पाई थी. नगर निगम और पंचायत चुनाव के कारण इसे टाल दिया गया था. आखिरकार 2 अप्रैल को यह इंतजार खत्म हुआ और सरकार ने 36 निगम, मंडल, आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम की घोषणा की. इस सूची में प्रदेश संगठन के एक महामंत्री, एक उपाध्यक्ष, तीन संभाग प्रभारी, दो मोर्चा के अध्यक्ष, चार प्रवक्ता और 9 कार्य समिति के सदस्य शामिल हैं, जिसके बाद अब बीजेपी संगठन बदलाव जल्द करने की जरूरत है.

प्रदेश संगठन में होगा बड़ा बदलाव

  • संगठन में बदलाव की कवायद इस महीने से शुरू होगी.
  • प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की पुरानी कार्यकारिणी के 22 पदाधिकारी को मिला नया जिम्मा मिल चुका है. इनमें 20 पदाधिकारियों को निगम, मंडल में जिम्मेदारी मिली है. वहीं, दो पदाधिकारी प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा और उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव महापौर बने हैं.
  • ऐसे में निगम, मंडल और आयोग की आस लगाए नेता और कार्यकर्ताओं को संगठन में दिया जाएगा मौका.

ये भी पढ़ें- ज्योतिष के कहने पर 10 साल बाद युवक करने लगा सरनेम चेंज की मांग, हाई कोर्ट ने रद्द की याचिका

  • निगम, मंडल और आयोग में एससी वर्ग से किसी को नहीं मिली जगह. अब इस वर्ग को साधने के लिए संगठन में दी जा सकती है बड़ी जिम्मेदारी.

कांग्रेस ने कसा तंज

भारतीय जनता पार्टी में हो रहे बदलाव पर कांग्रेस पार्टी ने तंज कसा है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने निशाना साधते हुए कहा-‘बीजेपी के बदलाव में लगातार लड़ाई देखने को मिल रही है. निगम मंडलों की नियुक्ति में जमकर बवाल हुआ है.’

भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. अब निगम मंडलों में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को नियुक्ति मिली है. ऐसे में वर्तमान के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव युवाओं को अपने टीम में शामिल कर कितनी मजबूती से संगठन चला पाते हैं यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें