CG News: CM Helpline में शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अस्पताल सील
सांकेतिक तस्वीर
एक अस्पताल में गुप्त रोगों के शर्तिया इलाज का दावा करने वाला कथित डॉक्टर ही फर्जी निकला, तो दूसरे में बिना लाइसेंस चार महीने तक मरीजों के ऑपरेशन होते रहे. महासमुंद जिले के सरायपाली और कोमाखान में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रहे इस खेल का खुलासा प्रशासन की जांच में हुआ है. सरायपाली में जावेद अली अपनी असली पहचान छिपाकर डॉ. राव के नाम से क्लीनिक चला रहा था. वहीं, कोमाखान के आंचल नसिंर्ग होम में सिजेरियन और नसबंदी जैसे ऑपरेशन किए जा रहे थे. हैरानी की बात यह है कि छापे के दौरान ऑपरेशन करा चुके दो मरीज भर्ती मिले, लेकिन उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में न कोई योग्य डॉक्टर था और न प्रशिक्षित नर्स सवाल यह है कि इन मरीजों के ऑपरेशन आखिर किसने किए और इतने महीनों तक यह सब किसकी निगरानी में चलता रहा? सीएम हेल्पलाइन में शिकायत नहीं होती, तो शायद यह पूरा मामला सामने ही नहीं आता. ऐसे में जिले के स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और उनके निगरानी तंत्र की भूमिका भी सवालों के घेरे में है.
सीएमएचओ कार्यालय को सीएम हेल्पलाइन 1076 के जरिए मिली शिकायत के बाद 23 सितंबर को राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली में सरसीवां रोड स्थित ग्राम पतेरापाली में कार्रवाई की. यहां गुप्त रोगों के इलाज की गारंटी देने वाला डॉ. राव दवाखाना संचालित हो रहा था. क्लीनिक प्रत्येक सोमवार
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक चलता था. जांच के दौरान बाहर बड़ा साइनबोर्ड लगा मिला, जबकि भीतर टेबल पर बीएएमएस (एएम) की नाम पट्टिका रखी थी. टीम ने मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से डिग्री और पहचान पत्र मांगा. आधार कार्ड की जांच में उसका वास्तविक नाम जावेद पिता महमूद अली, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) सामने आया. वह डॉ. राव के नाम से अपनी पहचान छिपाकर बिना मेडिकल डिग्री और पंजीयन के क्लीनिक चला रहा था. वह कोई वैधानिक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका. टीम ने क्लीनिक बंद कराकर कारण बताओ नोटिस जारी किया और सात दिन में चिकित्सकीय योग्यता तथा पंजीयन के दस्तावेज सीएमएचओ कार्यालय में पेश करने को कहा. दस्तावेज नहीं देने पर नसिंर्ग होम एक्ट के तहत कार्रवाई और एफआईआर की चेतावनी दी गई.
किराये के मकान में चल रहा था अस्पताल
बीएमओ बागबाहरा डॉ. बढ़ई के मुताबिक आंचल नसिंर्ग होम किराये के मकान में संचालित था. बीएमओ के मुताबिक इसका प्रबंधन पिथौरा का कोई जायसवाल संभालता था. अस्पताल में नियमित रूप से डॉक्टर भी मौजूद नहीं रहते थे. निरीक्षण के दौरान कोई योग्य डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्स नहीं मिली. टीम ने अस्पताल के साथ उससे लगे मेडिकल स्टोर को भी सील कर दिया है.
चार माह से हो रहे थे ऑपरेशन, डॉक्टर गायब
दूसरी कार्रवाई कोमाखान के आंचल नसिंर्ग होम में हुई. नसिंर्ग होम एक्ट निरीक्षण दल के औचक पहुंचने पर वहां सिजेरियन ऑपरेशन (एलएससीएस) करा चुकी एक महिला और नसबंदी करा चुका एक मरीज भर्ती मिला. अस्पताल में न तो कोई योग्य डॉक्टर था बताया गया आठ से ओपीडी और चार महीने से मरीजों को भर्ती कर इलाज तथा ऑपरेशन किए जा रहे थे. निरीक्षण दल को अस्पताल प्रबंधन वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका. मौके पर लिए गए बयान में प्रबंधन ने भी चार महीने से मरीजों को भर्ती कर उपचार और ऑपरेशन किए जाने की बात स्वीकार की. टीम ने जांच प्रतिवेदन सीएमएचओ को सौंपा. संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर अस्पताल को सील कर दिया गया. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वहां मरीजों के ऑपरेशन किसने किए.


