Asian Weightlifting Championship में छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया मान, CM साय ने दी बधाई
वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव
Gyaneshwari Yadav Makes CG Proud: छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 53 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर एवं कांस्य पदक जीतकर प्रदेश एवं देश का नाम गौरवान्वित किया है. उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम एवं क्लीन एण्ड जर्क में 106 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 194 किलोग्राम का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया. इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन, संघ के समस्त पदाधिकारियों, जय भवानी व्यायाम शाला एवं समस्त खेल प्रेमियों ने हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं.
समोआ में गोल्ड मेडल जीता
राजनांदगांव की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी ने एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करके छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है. इसी महीने मई की शुरुआत में समोआ में हुई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी ने गोल्ड मेडल जीता था. वहीं, इसी इवेंट में कोमल कोहर ने 48 किग्रा कैटेगिरी में कांस्य पदक जीता था.
ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! छत्तीसगढ़ से होकर जाने वाली 77 ट्रेनें रहेंगी कैंसिल, इन ट्रेनों के पैसेंजर पर पड़ेगा असर
सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई
CM विष्णुदेव साय ने वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि ये छत्तीसगढ़ के लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है. ज्ञानेश्वरी की सफलता पूरे राज्य के युवाओं और विशेष तौर पर बेटियों के प्रेरणा का स्त्रोत है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासन और समर्पण के बल पर ये उपलब्धि हासिल की है.