Chhattisgarh: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त ने की बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

Chhattisgarh News: निगम आयुक्त ने अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का अवलोकन करके उन केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, मोबाइल नेटवर्किंग, दिव्यांगजनों के लिए रैंप आदि सारी बुनियादी सुविधाएं शत प्रतिशत सुनिश्चित करने की बात कही है.
Chhattisgarh News

नगर निगम आयुक्त ने की बैठक

Chhattisgarh News: नगर निगम आयुक्त एवं नोडल अधिकारी अबिनाश मिश्रा ने आज लोकसभा निर्वाचन 2024 को लेकर शहरी क्षेत्र में चल रही तैयारियों की समीक्षा की. श्री मिश्रा ने नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों और अन्य संबंधित सहायक नोडल अधिकारियों के साथ सभाकक्ष में बैठक की और जरूरी निर्देश दिए.

आचार संहिता लागू होते ही करें विरूपण हटाने की कार्रवाई – निगम आयुक्त

निगम आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के कार्यक्रम की घोषणा किये जाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी. इसके बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में किसी संपत्ति का विरूपण न हो. उन्होंने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय कार्यालयों से लेकर इंडोर स्टेडियम, सुभाष स्टेडियम, सामुदायिक भवनों, टाउन हॉल, ऑडिटोरियम, स्वीमिंग पुल, लाइब्रेरी जैसी शासकीय परिसरों से भी सभी प्रकार की संपत्ति विरूपित करने वाले साधनों को समय-सीमा में हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए.

उन्होंने कहा कि यदि कोई संपत्ति विरूपित करता है तो तत्काल निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करने व विरूपण हटाने की कार्यवाही करें. उन्होंने अधिकारियों को चेताया भी कि यदि आपके अधीनस्थ कोई संपत्ति विरूपित पाई जाती है और आपके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध भी कार्यवाही की जा सकेगी.

ये भी पढ़ें – लोकसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में पोस्टर वॉर शुरू, बीजेपी ने इन कांग्रेस नेताओं के जारी किए पोस्टर

नगर निगम आयुक्त ने की निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा

निगम आयुक्त ने बैठक में आगामी लोकसभा निर्वाचन के लिए चिन्हांकित मतदान केंद्रों का स्थल निरीक्षण करके भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं. उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का अवलोकन करके उन केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, मोबाइल नेटवर्किंग, दिव्यांगजनों के लिए रैंप आदि सारी बुनियादी सुविधाएं शत प्रतिशत सुनिश्चित करा लें. उन्होंने मतदान केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया कराने के लिए इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें