Chhattisgarh News: मेडिकल कॉलेज के बाथरूम में मरीज ने लगाई फांसी, बेड से गायब था, तलाशी के दौरान मिला शव
Chhattisgarh News: रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों की निगरानी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के गायनिक वार्ड के बाथरूम में एक मरीज का शव फांसी के फंदे पर मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 55 वर्षीय नारद लहरे के रूप में हुई है. वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखामपुरा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नारद लहरे पीलिया की बीमारी से पीड़ित था और उपचार के लिए करीब दो दिन पहले रायगढ़ मेडिकल कॉलेज पहुंचा था. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था और उसे मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया था. बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह करीब 5 बजे के बाद वह अपने बिस्तर पर दिखाई नहीं दिया.
कुछ समय बाद जब परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों को मरीज के गायब होने की जानकारी हुई तो उसकी तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बाद मरीज का शव अस्पताल के गायनिक वार्ड स्थित बाथरूम में मिला. शव मिलने की सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पंचनामा की कार्रवाई शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मरीज मेडिसिन वार्ड से गायनिक वार्ड के बाथरूम तक कैसे पहुंचा और इस दौरान अस्पताल की निगरानी व्यवस्था कैसी थी ? अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकती है.
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि मृतक मानसिक रूप से परेशान रहता था. हालांकि, उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही परिजनों और अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीज की इस तरह मौत होने से अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. खासकर यह जांच का विषय है कि भर्ती मरीज सुबह के समय अपने वार्ड से निकलकर दूसरे वार्ड के बाथरूम तक कैसे पहुंच गया और किसी को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CGGST का शिकंजा: गुटखा किंग गुरमुख को 90 दिनों में देनी होगी 317 करोड़ की टैक्स-पेनल्टी