प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी तो पति-पत्नी ने रच डाली खौफनाक साजिश, 4 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

SAKTI PURNIMA CHAUHAN MURDER: छत्तीसगढ़ के सक्ती में 25 वर्षीय युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. जांच में सामने आया कि शादीशुदा प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या के लिए 4 लाख रुपए की सुपारी दी थी.
SAKTI PURNIMA CHAUHAN MURDER

SAKTI PURNIMA CHAUHAN MURDER: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुई पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में पता चला कि इस वारदात के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि प्रेम संबंधों का उलझा हुआ मामला था. पुलिस के मुताबिक, शादीशुदा मुरलीशंकर चौहान और उसकी पत्नी चम्पा ने मिलकर पूर्णिमा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसके लिए 4 लाख रुपए में सुपारी देकर हत्या करवा दी.

पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा और मुरलीशंकर पहले आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम साथ करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. पूर्णिमा की शादी पहले ही टूट चुकी थी, जबकि मुरलीशंकर पहले से शादीशुदा था. कुछ समय बाद उसने पूर्णिमा से दूरी बना ली, लेकिन युवती लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी वजह से आरोपी पति-पत्नी ने हत्या की साजिश रच डाली.

कैसे कराई हत्‍या?

26 जून की सुबह दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे. पहचान पक्की करने के बाद एक बदमाश ने उस पर पिस्टल से तीन गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जांच में क्‍या-क्‍या चला पता?

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, टावर डंप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई. पूछताछ में खुलासा हुआ कि झारखंड के राजेंद्र महंत के जरिए 4 लाख रुपए में सुपारी तय हुई थी. चम्पा ने पोस्ट ऑफिस का अपना खाता तुड़वाकर 2 लाख रुपए एडवांस दिए थे. आरोपियों ने यह भी बताया कि वारदात को अंजाम देने का तरीका उन्होंने एक फिल्म देखकर सीखा था.

कैसे हुई सभी आरोप‍ियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, जिंदा कारतूस, दो बाइक, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं. सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: राजा रघुवंशी मर्डर केस: सुप्रीम कोर्ट पहुंची सोनम, तीसरी बार जमानत की मांग, कल होगी सुनवाई

ज़रूर पढ़ें