CG News: वेदांता पावर प्लांट हादसे पर CM विष्णु देव साय की सख्ती, बिलासपुर कमिश्नर को दिए जांच के आदेश
CM विष्णु देव साय
Vedanta Power Plant Boiler Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार की दोपहर को बॉयलर ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो गई है. वहीं इस हादसे पर CM विष्णु देव साय ने भी सख्ती दिखाते हुए बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैं.
वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच करेंगे बिलासपुर कमिश्नर
वेदांता पावर प्लांट हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्शन लेते हुए बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दे दिए हैं. आज बिलासपुर कमिश्नर की टीम भी जांच करेगी. सीएम ने कहा- हादसे के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कंपनी ने किया 35-35 लाख के मुआवजे का ऐलान
वहीं हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने मुआवजे का एलान किया है. मृतक के परिजनों को 35-35 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा. इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का भी एलान किया गया है. घायलों को 15 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी.
साय सरकार ने भी किया मुआवजे का ऐलान
इस दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है. उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है. साथ ही, हादसे में घायल हुए श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके.
ये भी पढ़ें- सक्ती के वेदांता पावर प्लांट हादसे पर दीपक बैज ने उठाए सवाल, बोले- हर तीन महीने में हादसा होना चिंताजनक
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार ब्लास्ट हुआ. विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए. इस हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो गई है. वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.