दुर्ग-विश्वविद्यालय में स्थापित होगी अंबेडकर चेयर, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद पढ़ाई-रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय
दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय को केंद्र सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिली है. केंद्र सरकार ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय डॉ. अंबेडकर चेयर (शोध पीठ) स्थापित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही ये छत्तीसगढ़ का पहला विश्वविद्यालय बन गया है जहां पर ये शोध पीठ स्थापित की जा रही है.
हर साल ₹75 लाख का फंड
सबसे बड़ी बात ये है कि केंद्र सरकार और डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन द्वारा मंजूरी प्राप्त यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह छत्तीसगढ़ का पहला विश्वविद्यालय है, जिसके तहत शोध और अध्ययन के लिए हर साल ₹75 लाख का फंड प्रदान किया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे न केवल संस्थान बल्कि पूरे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है.
इन विश्वविद्यालयों को पहले से ही अंबेडकर चेयर
बता दें कि डॉ. अंबेडकर चेयर योजना के तहत अभी तक देश में केवल 24 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के साथ ही समझौता (एमओयू) किया गया है. इसके आधार पर जेएनयू, बीएचयू, पटना विश्वविद्यालय, आईआईएम विशाखापट्टनम समेत कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल है. अब इस लिस्ट में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की नाम भी चुड़ गया है.
इस तरह से होगा राशि का विभाजन
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार हर साल मिलने वाली 75 लाख की राशि शोध गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यक्रमों, मानव संसाधन और संस्थागत विकास में उपयोग की जाएगी. योजना के वित्तीय ढांचे के अनुसार 20 लाख रुपए शैक्षणिक गतिविधियों, संगोष्ठियों, शोध कार्यक्रमों और अकादमिक आयोजनों के लिए निर्धारित किए गए हैं. वहीं 55 लाख रुपए वेतन और प्रशासनिक खर्चों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों में मानसून दे सकता है दस्तक, आज बस्तर संभाग में तेज बारिश की संभावना