CG News: दुर्ग पुलिस ने बांग्लादेशी महिला को किया डि‍पोर्ट, भारत में अवैध रूप से रह रही थी रीना अख्‍तर

CG News: दुर्ग जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बांग्लादेशी महिला रीना अख्तर को भारत से डिपोर्ट कर दिया है.
Bangladeshi woman deported

बांग्लादेशी महिला को किया डिपोर्ट

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बांग्लादेशी महिला रीना अख्तर को भारत से डिपोर्ट कर दिया है. जांच में महिला के बांग्लादेशी नागरिक होने और भारत में अवैध रूप से रहने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की. 23 अक्टूबर 2026 को पश्चिम बंगाल में केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की गई.

आईबी और बीएसएफ के सहयोग से कार्रवाई

दुर्ग पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम को पश्चिम बंगाल भेजा था. वहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय स्थापित कर महिला को नियमानुसार भारत से बाहर भेजने की कार्रवाई की गई.

आधार और राशन कार्ड की होगी जांच

पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य भारतीय दस्तावेज हासिल किए जाने के संबंध में जानकारी सामने आई है. इन दस्तावेजों के सत्यापन और नियमानुसार निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभागों के समक्ष कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का उद्देश्य कथित तौर पर अवैध तरीके से प्राप्त दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकना और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति की आशंका को कम करना है.

विदेशी नागरिकों की पहचान का अभियान जारी

दुर्ग पुलिस जिले में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान, उनके दस्तावेजों के सत्यापन और अवैध निवास से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों तथा केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई कर रही है. पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी विदेशी नागरिक के अवैध रूप से रहने या फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. ऐसे मामलों की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है. प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Bilaspur Local News: 10 थानेदारों का प्रभार बदला, नई पदस्थापना की गई

ज़रूर पढ़ें