CG News: बेडमा की शादी में आए इंटरनेशनल बाराती, विदेशी मेहमानों ने डीजे पर रंग-गुलाल संग मचाया धमाल
शादी में झूमे विदेशी पर्यटक
रिपोर्ट- नीरज उपाध्याय
CG News: छत्तीसगढ़ के केशकाल ब्लॉक के ग्राम बेडमा में एक साधारण शादी समारोह उस वक्त खास और यादगार बन गया, जब अचानक विदेशी मेहमानों की एंट्री ने पूरे माहौल को ‘इंटरनेशनल’ रंग दे दिया. बुधवार सुबह करीब 11 बजे नायक परिवार में चल रहे विवाह समारोह के दौरान यह अनोखा नजारा देखने को मिला.
डीजे की धुन पर झूमे विदेशी मेहमान
दरअसल, जगदलपुर की ओर जा रहे कुछ विदेशी पर्यटक कार्यक्रम स्थल के पास रुक गए. पारंपरिक वेशभूषा में सजे दूल्हा-दुल्हन और ग्रामीण परिवेश की रंगत देखकर वे खासे उत्साहित हो उठे. उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल फोन निकाले और इस खूबसूरत पल को फोटो और वीडियो में कैद करना शुरू कर दिया.
कुछ ही देर में माहौल और भी दिलचस्प हो गया, जब विदेशी मेहमान खुद को रोक नहीं पाए और डीजे की धुन पर रंग-गुलाल के साथ झूमने लगे. उनका यह उत्साह और देसी अंदाज वहां मौजूद ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. देखते ही देखते पूरा पंडाल तालियों और हंसी-खुशी से गूंज उठा.
ग्रामीणों ने किया विदेशी मेहमानों के साथ डांस
ग्रामीणों ने भी खुले दिल से विदेशी मेहमानों का स्वागत किया और उनके साथ मिलकर डांस का लुत्फ उठाया. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन भी मुस्कुराते हुए इस खास पल का आनंद लेते नजर आए. रंग-गुलाल, संगीत और संस्कृति का यह संगम एक अनोखा अनुभव बन गया. यह दृश्य न सिर्फ शादी समारोह को यादगार बना गया, बल्कि भारतीय ग्रामीण संस्कृति की गर्मजोशी और अपनापन भी विदेशी मेहमानों के दिलों तक पहुंचा गया. गांव की इस “ग्लोबल” शादी की चर्चा अब आसपास के क्षेत्रों में भी तेजी से हो रही है.
ये भी पढे़ं- CG News: सांसद भोजराज नाग का फूटा गुस्सा, भरे मंच से मत्स्य निरीक्षक को लगाई फटकार, कार्यक्रम छोड़कर निकले अधिकारी