CG News: हिंदू संगठन ने दुर्ग निगम कमिश्नर के PA को ऑफिस से खींचकर पीटा, भगवान पर किया था विवादित कमेंट

CG News: आरोप है कि कर्मचारी ने व्हाट्सएप चैट में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया और हिंदू संगठनों तक पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया.
Durg Municipal Commissioner's PA Beaten

दुर्ग निगम कमिश्नर के PA को पीटा

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में नगर निगम आयुक्त के निजी सहायक के तौर पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कर्मचारी ने व्हाट्सएप चैट में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया और हिंदू संगठनों तक पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया.

निगम कार्यालय पहुंच गए कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक, 8 मई की सुबह बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने कर्मचारी गौतम साहू को बाहर निकाल लिया और उसके साथ मारपीट की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट इतनी ज्यादा हुई कि उसके कपड़े तक फट गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई.

व्हाट्सएप चैट से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि गौतम साहू नगर निगम में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और निगम आयुक्त के निजी सहायक की जिम्मेदारी संभाल रहा था. विवाद एक महिला कर्मचारी के साथ हुई निजी व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद शुरू हुआ. चैट में कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था.

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

मामले को लेकर पोलसाय पारा निवासी मंगल सिंह राजपूत ने पदमनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन का कहना है कि संबंधित चैट 8 मई की सुबह हिंदू संगठनों तक पहुंची, जिसके बाद कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे. दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए निगम का कामकाज भी प्रभावित हुआ.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि कर्मचारी के खिलाफ हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी करने की शिकायत मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- CG News: सुशासन तिहार में महिला विधायक का फूटा गुस्सा, बोलीं- ‘जनता का श्राप बड़े-बड़ों का गुरूर तोड़ देता है’

ज़रूर पढ़ें