जांजगीर चांपा के पीएमश्री स्कूल में ‘जन गण मन’ की जगह ‘गॉड इज ग्रेट’, हेडमास्टर पर धर्मांतरण का आरोप, सस्पेंड किया गया
सांकेतिक तस्वीर
CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां बलौदा के पीएमश्री स्कूल के हेडमास्टर पर धर्मांतरण के आरोप लगे हैं. स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि स्कूल में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की जगह ‘गॉड इज ग्रेट’ जैसा धार्मिक वाक्य सिखाया जा रहा है. इसे लेकर लोगों के बीच आक्रोश था. जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पूरे मामले पर कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर का निलंबित कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
बलौदा के पीएमश्री शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर तैनात लक्ष्मी देवी भारद्वाज पर ग्रामीणों ने धर्मांतरण के आरोप लगाए हैं. प्रधान पाठक पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को हिंदू संस्कृति और देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काया जा रहा है. इसके साथ ही राष्ट्रगान के स्थान पर ‘गॉड इज ग्रेट’ जैसे धार्मिक वाक्य सिखाए जा रहे हैं.
मामला कब आया सामने?
7 मई को ग्राम भिलाई में जनसमस्या शिविर का आयोजन किया गया. ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने इस मुद्दे को उठाया. इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया. पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए बीएनएस की धारा 126 और 135(3) केस दर्ज कर लिया है.
धर्मांतरण नहीं पैसों का खेल भी!
जांच में वित्तीय गड़बड़ी भी पायी गई. अनुदान राशि में हेर-फेर का मामला सामने आया है. वित्तीय वर्ष 2021 से 24 तक समग्र शिक्षा और अन्य मदों से मिली अनुदान राशि में नकली बिल और वाउचर लगाने का मामला सामने आया. रिश्तेदारों के नाम पर PPO जारी कर राशि जारी कर वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया गया. इस मामले में हेडमास्टर को कारण बताओं नोटिस जारी किया था लेकिन विभाग को संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
ये भी पढ़ें: CG Fake Teacher: नौकरी पर दूसरा, सैलरी ले रहा कोई और! शिक्षक के खेल ने उड़ाए अफसरों के होश, फर्जी मास्टर निलंबित
DEO ने किया सस्पेंड
धर्मांतरण और वित्तीय अनियमितता का मामला जिला शिक्षा अधिकारी के पास पहुंचा तो कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया. हेडमास्टर को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 (3) और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 (3) के तहत दोषी पाया गया है.