CG News: ऑनलाइन बेटिंग पर पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 22 ATM और नकली पिस्टल बरामद
दुर्ग में ऑनलाइन बेटिंग के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
CG News: ऑनलाइन बेटिंग के काले कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. पदमनाभपुर थाना पुलिस ने फर्जी बैंक खातों के जरिए करोड़ों का ट्रांजैक्शन करने वाले गिरोह के 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कई राज्यों में सक्रिय था गिरोह
दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह यूपी, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में सक्रिय था. ये आरोपी भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर म्यूल अकाउंट खुलवाते थे. इन बैंक खातों की किट एटीएम, सिम और चेकबुक सीधे मुंबई भेजी जाती थी, जहां से करोड़ों की सट्टेबाजी का पैसा रोटेट होता था.
50 करोड़ के ट्रांजेक्शन का खुलासा
पुलिस की जांच में अब तक 50 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है. ताजा कार्रवाई में 22 एटीएम और एक नकली पिस्टल बरामद हुई है, जबकि पूरे प्रकरण में अब तक 147 एटीएम और 200 से ज्यादा खातों के दस्तावेज जप्त किए जा चुके हैं. इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारियों का आंकड़ा 19 तक पहुंच गया है. पुलिस अब इन खातों के जरिए जुड़े मुंबई के बड़े सिंडिकेट की तलाश में जुटी है.