CG News: एक करोड़ की रिश्वत के आरोपों का Audio Viral, आरक्षक और ASI लाइन अटैच… CSP पर भी गंभीर आरोप

हवाला चैनल के माध्यम से एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत के लेनदेन के आरोपों से जुड़े ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है.
Crime News Breaking - Webp

क्राइम न्यूज

रायपुर/अंबिकापुर. हवाला चैनल के माध्यम से एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत के लेनदेन के आरोपों से जुड़े ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. मामले में अंबिकापुर के सीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. मामला सामने आने के बाद आईजी दीपक झा ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ एएसआई और आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है.

मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने शिकायत पर महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए डीजीपी से पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है. अदालत ने सीबीआई से भी शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत करने को कहा है.

ऑडियो में आईपीएस अधिकारी का नाम आने का दावा

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर में पदस्थ आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ एएसआई और आरक्षक के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा. आरोप है कि इस कथित षड्यंत्र के तहत हवाला चैनल के जरिए एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत मांगी गई और स्वीकार भी की गई.

इस लेनदेन से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया. वायरल ऑडियो में आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल (IPS Rahul Bansal) का नाम आने का दावा किया जा रहा है. हालांकि पुलिस की ओर से ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें हुई बातचीत की पुष्टि अभी नहीं की गई है.

शिकायतकर्ता ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308 और 351 के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. शिकायत के साथ शपथपत्र भी संलग्न किया गया है.

साइबर फ्रॉड मामले से जुड़ा है प्रकरण

आईजी दीपक झा के मुताबिक साइबर थाने में फ्रॉड का एक मामला दर्ज है, जिसमें अलग-अलग राज्यों से अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. मामला अभी विवेचनाधीन है. इसी मामले के विवेचक सीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में शिकायत की गई है. आईजी के मुताबिक सीएसपी के खिलाफ की गई शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है और जिन लोगों के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, उनके संबंध में भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

आईजी दीपक झा ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के अनुसार भी मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल एएसआई और आरक्षक को उनके वर्तमान कार्य से पृथक कर लाइन अटैच कर दिया गया है. पुलिस विभाग का कहना है कि वायरल ऑडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल मामले में न्यायालय के निर्देश और जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raksha Bandhan 2026: लिफाफे पर लिखिए ‘राखी मेल’, रक्षाबंधन पर स्पीड पोस्ट करने पर बहनों को मिलेगी खास छूट

ज़रूर पढ़ें