छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर से पहले सियासत गरमाई, BJP विधायक ने राहुल गांधी को जोकर बताया
BJP विधायक पुरंदर मिश्रा और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी(File Photo)
CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही सियासत का तापमान उबाल पर पहुंच गया है. अभनपुर में कांग्रेस अपने नए जिलाध्यक्षों को संगठन और चुनावी रणनीति का पाठ पढ़ाने जा रही है और इसी शिविर में राहुल गांधी भी शामिल होने वाले हैं. लेकिन राहुल गांधी के दौरे से पहले बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक मर्यादा और बयानबाजी की नई बहस छेड़ दी है. पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी को जोकर कह दिया, और फिर कांग्रेस ने भी ऐसा पलटवार किया कि सियासी लड़ाई सीधे व्यक्तिगत हमलों तक पहुंच गई.
कल रायपुर आएंगे राहुल गांधी
अभनपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है. संगठन सृजन अभियान के तहत बने नए जिलाध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठन संचालन और मिशन 2028 की रणनीति समझाई जा रही है. इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत राहुल गांधी का दौरा है. राहुल गांधी कल रायपुर पहुंचेंगे, एयरपोर्ट से सीधे अभनपुर जाएंगे. करीब साढ़े चार घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिलाध्यक्षों के साथ समय बिताएंगे. कांग्रेस इसे संगठन को नई ऊर्जा देने वाला कार्यक्रम बता रही है. लेकिन बीजेपी को इसमें मनोरंजन ज्यादा नजर आ रहा है. बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा दिल्ली से जोकर आ रहा है और 10 दिनों तक छत्तीसगढ़ में मनोरंजन चलेगा.
‘पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं’
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए सिर्फ प्रशिक्षण शिविर नहीं है. यह संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मिशन 2028 की तैयारी का बड़ा मंच माना जा रहा है. यही वजह है कि बीजेपी भी इस कार्यक्रम पर लगातार हमलावर है. एक तरफ कांग्रेस राहुल गांधी को संगठन का सबसे बड़ा चेहरा बनाकर पेश कर रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी राहुल गांधी की राजनीतिक स्वीकार्यता पर सवाल खड़े कर रही है. राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले आए बयान ने सियासत का रुख बदल दिया. पुरंदर मिश्रा का बयान आया. बस फिर क्या था राजनीतिक बहस तुरंत व्यक्तिगत हमलों में बदल गई. कांग्रेस ने इस बयान को राहुल गांधी का नहीं, बल्कि पूरे विपक्ष का अपमान बता दिया. फिर जवाब भी उसी अंदाज में दिया गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं. बीजेपी को उनका इलाज कराना चाहिए. इतना ही नहीं बैज ने तंज कसते हुए कहा कि अगर बीजेपी इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस उन्हें झारखंड भेजकर इलाज करवा देगी. वहीं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी हमला बोलते हुए पुरंदर मिश्रा को मेंटली डिस्टर्ब तक बता दिया.
राजनीतिक दलों ने मोर्चे खोले
छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के दौरे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चुनाव भले दूर हों, लेकिन राजनीतिक दल अभी से अपने-अपने मोर्चे खोल चुके हैं. कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के जरिए संगठन को मजबूत करने का दावा कर रही है. तो बीजेपी उसी कार्यक्रम को लेकर व्यंग्य और तंज के जरिए माहौल बनाने की कोशिश में है. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है. क्या जनता संगठन की रणनीति सुनना चाहती है, या नेताओं की बयानबाजी. क्योंकि फिलहाल मुद्दों से ज्यादा चर्चा जोकर और मेंटल बैलेंस वाले बयानों की हो रही है.
ये भी पढ़ें: नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर मचा बवाल, सड़कों पर उतरे जनजाति समाज के लोग, अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन