बारिश बनी आफत! रायपुर में जलभराव, गरियाबंद में नाले में बहा युवक, सीएम साय बोले- कलेक्टरों को दिए निर्देश
छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर
Raipur: छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बीते कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है. वहीं राजधानी रायपुर में लगातार रातभर हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर नदी नाले उफान पर है. वहीं बाढ़-बारिश को लेकर सीएम विष्णु देव साय का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कलेक्टर को निर्देश देने की बात कही है.
गरियाबंद में नाले में बहा युवक
गरियाबंद जिले में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। सरगी नाला पार करने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को नाले के तेज बहाव में बहते हुए देखा जा सकता है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नाले से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
कांकेर में नाव में नदी पार करते दिखे शिक्षक
कांकेर में नाव से नदी पार करते शिक्षकों का वीडियो सामने आया है. नाव के सहारे महिला शिक्षिका और शिक्षक नदी पार करते हुए दिख रहे हैं. शिक्षकों ने बताया की रोज स्कूल जाने के लिए ऐसे ही नदी पार करना पड़ता है..बाढ़ की वजह से हमेशा डर लगा रहता है, जिला प्रशासन को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला.
जान-जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे लोग
धमतरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं और जलस्तर तेजी से बढ़ चुका है, लेकिन मुसीबत की इस घड़ी में भी लोग अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं. पानी का बहाव इतना तेज है कि एक छोटी सी चूक जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, लेकिन इसके बावजूद लोग पानी के ऊपर से अंधाधुंध गाड़ियां और वाहन निकाल रहे हैं! घाटों पर लोगों की यह खतरनाक लापरवाही किसी भी वक्त बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है.
ये भी पढ़ें- अब खाली नहीं होंगे बैंक खाते, साइबर ठगी से पहले अलर्ट देगा IIT भिलाई का नया AI मॉडल, ठगों पर कसेगा शिकंजा
सीएम साय बोले- कलेक्टरों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बारिश के दौरान लोगों से लापरवाही न करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सभी जिलों के कलेक्टरों को विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाने के निर्देश भी प्रशासन को दिए गए हैं.