छत्तीसगढ़ की सियासतः बैज-किरण और डॉ रमन-सिंहदेव की मुलाकात हैं चर्चाओं में…
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंगलवार को सामने आई दो तस्वीरों ने सियासी गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है. एक तस्वीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की मुलाकात की है, तो दूसरी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की भेंट की. दोनों मुलाकातों को फिलहाल शिष्टाचार और सौजन्य मुलाकात बताया गया है, लेकिन अलग-अलग दलों के प्रमुख नेताओं की इन मुलाकातों को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है.

सबसे पहले बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की मुलाकात की. दीपक बैज ने रायपुर स्थित किरण सिंह देव के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की. इस दौरान कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी मौजूद रहे. मुलाकात की तस्वीर में दोनों नेता मुस्कुराते हुए नजर आए.
दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद रायपुर लौटे किरण सिंह देव से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट कर स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने मां दंतेश्वरी से किरण सिंह देव के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना भी की.
दोनों नेताओं के बीच पुराने संबंध भी इस मुलाकात को खास बनाते हैं. दीपक बैज और किरण सिंह देव दोनों ही बस्तर के जगदलपुर से जुड़े रहे हैं. किरण सिंह देव जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि दीपक बैज चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं. हालांकि वर्तमान में दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्ष हैं.
डॉ रमन सिंह और सिंहदेव की मुलाकात भी चर्चा में

दूसरी तस्वीर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के रायपुर स्थित निवास की है, जहां पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने उनसे मुलाकात की. दोनों नेताओं ने मुलाकात की तस्वीरें अपने-अपने सोशल मीडिया माध्यमों पर साझा की हैं. इसे सौजन्य मुलाकात बताया गया है. तस्वीर में दोनों नेता सहज और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं.
भाजपा और कांग्रेस की अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा से आने वाले इन नेताओं की मुलाकातें ऐसे समय में सामने आई हैं, जब प्रदेश की राजनीति में हर बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रहती है. यही वजह है कि सामान्य शिष्टाचार के तौर पर हुई इन मुलाकातों को भी राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः सिम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी, उखड़े फर्श को देख भड़के, बोले- रिपेयरिंग के लिए सरकारी फंड का इंतजार न करें