छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026: 3 नए सम्मान की घोषणा, 36 विभूतियों को अमित शाह करेंगे सम्मानित
छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026
Chhattisgarh Rajya Alankaran 2026 List: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्योत्सव 2026 पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों की पूरी लिस्ट जारी कर दी है. इस बार समारोह में बड़ा बदलाव किया गया है. सरकार पहली बार 3 नए सम्मान शुरू करने जा रही है, जिसमें पंडवानी कोकिला तीजन बाई के नाम पर सम्मान, संत रविदास सम्मान और जंगल के टाइगर बॉय चेन्दरू के नाम पर राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार शामिल किए गए हैं.
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कुल 36 नामों का ऐलान किया है. सभी विजेताओं को 3 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों सम्मानित किया जाएगा.
3 नए पुरस्कार किसे मिलेंगे ?
- डॉ. तीजन बाई सम्मान (पंडवानी कला के लिए): यह सम्मान पाटन, दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को दिया जाएगा. यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ की विश्व प्रसिद्ध पंडवानी कला को आगे बढ़ाने वालों को दिया जाएगा.
- चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार: बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर बॉय चेन्दरू की याद में शुरू किया गया यह पहला पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को मिलेगा. इन्होंने ग्रामीण पर्यटन और भोरमदेव क्षेत्र को प्रमोट करने में बड़ा काम किया है.
- संत रविदास सम्मान: सामाजिक समरसता के लिए दिया जाने वाला यह सम्मान बलौद के जगदीश प्रसाद देशमुख को दिया जाएगा.


पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 नाम
वहीं, इस बार पत्रकारिता के 4 पुरस्कार दिए जा रहे हैं.
- चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार (प्रिंट हिंदी): दैनिक भास्कर रायपुर के सीनियर रिपोर्टर प्रमोद कुमार साहू को.
- चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार (इलेक्ट्रॉनिक हिंदी): दो लोगों को – वरुण सखाजी और विस्तार न्यूज की सीनियर एंकर रसिका पांडेय को रसिका विस्तार न्यूज की सानियर एंकर हैं.
- मधुकर खेर स्मृति पुरस्कार (अंग्रेजी पत्रकारिता): वरिष्ठ पत्रकार शिशिर रॉय चौधरी को.
अन्य बड़े सम्मान किसे ?
- शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान (आदिवासी सेवा): धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को. आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम.
- यति यतनलाल सम्मान (अहिंसा व गौ-सेवा): कुम्हारी दुर्ग स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम संस्था को. यह संस्था घायल गोवंश और पक्षियों की सेवा करती है.
- गुण्डाधूर सम्मान (साहसिक खेल): कोरबा की संजू देवी को.
- गुरु घासीदास सम्मान (सामाजिक जागरूकता): कबीरधाम के सुखदेव भास्कर को, सतनामी समाज में जागरूकता के लिए.
- मिनीमाता सम्मान (महिला सशक्तिकरण): गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान को.
- हबीब तनवीर सम्मान (रंगमंच): रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर को.
- महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान (तीरंदाजी): बालोद के टोमन कुमार को.
- दाऊ मंदराजी सम्मान (लोक कला): रायपुर की रेखा जलक्षत्री को
इसके अलावा पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान, चक्रधर सम्मान, महाराजा अग्रसेन सम्मान, धन्वंतरि सम्मान, बिलासा देवी केंवट, राजश्री महत वैष्णवदास, डॉ. भंवरसिंह पोर्ते, पंडित लखनलाल मिश्र, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान, लक्ष्मण मस्तुरिया, देवदास बंजारे, खुमान साव, जगदपुरी, किशोर साहू, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, माता बहादुर कलारिन और पंडित माधव राव सप्रे सम्मान भी इसी समारोह में दिए जाएंगे.
ये भी जरूर पढ़ें:-CM विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की दी बधाई, 41 पुरस्कार दिए जाएंगे, तीजन बाई के नाम पर नया सम्मान