CG E-Bus Service: छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए शुरू होगी ई-बस सेवा, 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 बसें
छत्तीसगढ़ की सड़कों में दौड़ेंगी ई-बसें
Women Special E-Bus Service: छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए सुरक्षित और आसान सफर की सुविधा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. इसके तहत महिलाओं के लिए विशेष ई-बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है. यह सेवा प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की जाएगी. राज्य सरकार के इस नई पहल से प्रदेश की महिलाओं का सफर आसान और आरामदायक हो सकेगा.
अधिकारियों ने की बैठक
योजना को बेहतर तरीके से लागू करने को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बठक में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान ई-बस सेवा को लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी ली गई.
महिलाओं के लिए तय होंगे जरूरी रूट
बैठक में महिलाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बसों के रूट तय करने पर चर्चा हुई. ऐसे मार्गों को प्राथमिकता देने पर विचार किया गया, जहां महिलाओं को आने-जाने में ज्यादा सुविधा मिल सके. बसों के संचालन का तरीका भी यात्रियों की सुविधा के अनुसार रखने की तैयारी है.
चार शहरों में 240 बसें
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार नगर निगमों के लिए 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है. ये बसें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा शहरों में चलेंगी. इससे इन शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
रूट और बस स्टॉप पर चर्चा
बैठक में बसों के रूट प्लान, बस स्टॉप और डिपो की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी चार्जिंग स्टेशन तैयार करने की योजना पर अधिकारियों ने विचार किया है.
ये भी पढ़ें-Chhattisgarh: केसला टोल प्लाजा बना पूरी तरह डिजिटल, घर बैठे कर सकेंगे लोकल पास के लिए आवेदन
शहरों में बेहतर होगी परिवहन सुविधा
ई-बस सेवा शुरू होने से चारों शहरों में लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. खासतौर पर महिलाओं के लिए सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रूट और संचालन व्यवस्था तैयार की जाएगी. योजना के तहत आगे की तैयारियों को जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है.