CG News: 10 साल का इंतजार खत्म! कुरूद पहुंची ट्रेन, लगे भारत माता की जय के नारे
धमतरी
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुरूद के लोगों का 10 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. रायपुर से चली ट्रेन जैसे ही कुरूद स्टेशन पहुंची, पूरा स्टेशन भारत माता की जय के जयकारों से गूंज उठा. लोगों ने ट्रेन का फूल मालाओं से स्वागत किया. इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे थे.
ट्रेन शाम 4:30 बजे कुरूद स्टेशन पहुंची
रायपुर से हरी झंडी मिलते ही ट्रेन शाम 4:30 बजे कुरूद स्टेशन पहुंची. ट्रेन के पहुंचते ही स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल बन गया. लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी. कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू भी देखने को मिले. लंबे समय से ट्रेन की मांग कर रहे लोगों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं था.
कुरूद विधायक ने किया ट्रेन का स्वागत
कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने ट्रेन का फूल मालाओं से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि आज का दिन सौभाग्य और ऐतिहासिक है. उन्होंने कहा कि कुरूद के लोगों ने इस दिन के लिए लंबे समय तक इंतजार किया है. अब ट्रेन के आने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. लोगों को आवागमन में आसानी होगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.
विधायक ने क्या कहा ?
विधायक ने कहा कि रेलवे की इस सुविधा से कुरूद के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा. छात्र, किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा सभी वर्गों के लिए यह ट्रेन वरदान साबित होगी. उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया.कुरूद रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. लोगों ने ट्रेन के साथ सेल्फी ली और इस पल को यादगार बनाया. बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी में उत्साह देखने को मिला.
ट्रेन के स्वागत के लिए स्टेशन को सजाया गया था. फूलों से सजा स्टेशन और लोगों का उत्साह इस ऐतिहासिक दिन की गवाही दे रहा था. लोगों ने विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि विधायक के लगातार प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है.यह ट्रेन कुरूद के लिए सिर्फ एक साधन नहीं है, बल्कि यह यहां के लोगों के सपनों को पूरा करने वाली है. 10 वर्षों के इंतजार के बाद ट्रेन का आना इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है.