राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा, BJP विधायक बोले- आलू से सोना निकालने की ट्रेनिंग देंगे, कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विधायक पुरंदर मिश्रा
CG News: आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे. जहां वे करीब 4 घंटे तक रुकेंगे. इसी बीच राहुल गांधी के दौरे को लेकर सियासत भी शुरु हो गई है. जहां एक ओर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा कांग्रेस पर निशाना साधा है, तो दुसरी तरफ कांग्रेस ने भी उनके बयान पर पलटवार किया है.
आलू से सोना निकालने की ट्रेनिंग देंगे – पुरंदर मिश्रा
राहुल गांधी दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम को 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे. ट्रेंनिग प्रोग्राम में राहुल जिला, शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे. उनके दौरे को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं. क्या वे भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर ‘आलू से सोना निकालने’ जैसी बातें सिखाने आ रहे हैं.
कांग्रेस ने किया पलटवार
वहीं, पुरंदर मिश्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है. विकास उपाध्याय ने तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है. पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं. मिश्रा ‘एक्सीडेंटल विधायक’ हैं, वे अनावश्यक बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- CG News: छत्तीसगढ़ में लगेगी मंत्रियों की ‘क्लास’, मैनेजमेंट के सिखाए जाएंगे गुर, कांग्रेस ने साधा निशाना
राजनीतिक दलों ने मोर्चे खोले
छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के दौरे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चुनाव भले दूर हों, लेकिन राजनीतिक दल अभी से अपने-अपने मोर्चे खोल चुके हैं. कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के जरिए संगठन को मजबूत करने का दावा कर रही है. तो बीजेपी उसी कार्यक्रम को लेकर व्यंग्य और तंज के जरिए माहौल बनाने की कोशिश में है. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है. क्या जनता संगठन की रणनीति सुनना चाहती है, या नेताओं की बयानबाजी. क्योंकि फिलहाल मुद्दों से ज्यादा चर्चा जोकर और मेंटल बैलेंस वाले बयानों की हो रही है.