Raipur Court News: दोस्त का अपहरण कर हत्या करने वाले पांच दोषियों को उम्रकैद

Raipur News: रायपुर. पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दोस्त का अपहरण कर उसकी हत्या करने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.
Court

कोर्ट (फाइल फोटो)

Raipur News: रायपुर. पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दोस्त का अपहरण कर उसकी हत्या करने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम गिरौद का है. अपर लोक अभियोजक राहुल गुप्ता ने बताया कि घटना 28 जुलाई 2024 को मांढर स्थित डेम के पास हुई थी.

मामले के अनुसार ग्राम गिरौद निवासी लिकेश पटेल का गांव के ही बसंत निषाद (26), लुकेश्वर पटेल (26), मनीष सागरवंशी (30) तथा रायपुर के संतोषी नगर निवासी कामेश बंजारे (22) और सागर यादव (21) से पुराना विवाद चल रहा था. 28 जुलाई 2024 को पांचों आरोपियों ने लिकेश को उसके घर के पास से जबरन अपने साथ लिया और मांढर स्थित डेम के पास ले गए.

डंडे से पीटा, चाकू से किया हमला

आरोपियों ने डेम के पास लिकेश के साथ जमकर मारपीट की. डंडे से पिटाई करने के बाद उस पर चाकू से भी हमला किया गया. गंभीर चोटों के कारण लिकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपा दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए.

तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ने सुनाई सजा

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अपना पक्ष रखा. सुनवाई पूरी होने के बाद तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश शैलेश शर्मा ने पांचों दोषियों को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः लबालब हुए छत्तीसगढ़ के जलाशय, Hasdeo Bango Dam के 9 गेट खोले गए

ज़रूर पढ़ें