रायपुरः क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था गायों को, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
गाय पालने पर सरकार दे रही है पैसा
रायपुर. डीडी नगर थाना क्षेत्र में मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक और अमानवीय तरीके से वाहन में भरकर ले जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे रिंग रोड नंबर-1 स्थित ग्लोबल स्टार अस्पताल के पास एक टाटा माजदा वाहन क्रमांक CG10 BN 0537 को रोका गया. शिकायतकर्ता साईंनाथ चक्रधारी ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि वाहन में मवेशियों को अत्यधिक संख्या में भरकर ले जाया जा रहा है. सूचना के बाद वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन का इंतजार किया.
पुलिस को मिली थी शिकायत
वाहन की जांच करने पर उसमें कुल 10 पशु, जिनमें 5 गाय और 5 बछड़े पाए गए. शिकायत के मुताबिक पशुओं को वाहन में पर्याप्त जगह और उचित वेंटिलेशन के बिना ठूंसकर रखा गया था. वाहन को तिरपाल से ढका गया था, जिससे पशुओं के लिए हवा के आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. इस स्थिति के कारण पशुओं को अनावश्यक पीड़ा और कष्ट पहुंचना बताया गया है.
पुलिस के मुताबिक वाहन चालक और अन्य से पूछताछ में उनके द्वारा खिलेश यादव और रविन्द्र सिंह के नाम बताए गए. शिकायतकर्ता ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद पशुओं को वाहन में भरकर अनावश्यक पीड़ा एवं यातना पहुंचाते हुए परिवहन किए जाने के आरोप में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है. मामले में पुलिस वाहन, पशुओं के परिवहन की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: लड़की की आवाज निकाली, शादी का दिया झांसा, फिर आकाउंट कर दिया खाली, जांजगीर में साइबर ठगी का खुलासा