सूने मकान का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवरात और सामान पार, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
रायपुर. खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर स्थित अंजनी विहार कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है. उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शिव निर्मलकर 8 नवंबर 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित गृहग्राम गया था. 12 नवंबर को वापस लौटने पर मकान के दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था. लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन गायब थे. कमरे में रखा अन्य सामान भी चोरी हो गया था. शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुराने चोरी के आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना के दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है. जब्त मशरूका की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है.
आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रोहन ताम्रकार पिता संतोष ताम्रकार (20 वर्ष), निवासी नहरपारा, शिवनगर, दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास, थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. इन मामलों में वह पहले भी जेल जा चुका है.


