Vistaar NEWS

Big Basket से लेना था सिर्फ 513 रुपए का रिफंड, गूगल से निकाला कस्टमर केयर नंबर… और हो गई ठगी

रायपुर. ऑनलाइन खरीदारी के रुपए वापस दिलाने का झांसा देकर पुरानी बस्ती क्षेत्र के एक व्यक्ति से 97 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित विजय अग्रवाल (Vijay Agrawal) की शिकायत पर पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है.

पीड़ित अमीनपारा, पुरानी बस्ती निवासी विजय अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बिग बास्केट (Big Basket) से ऑनलाइन खरीदारी की थी. इसके बाद उन्हें 513 रुपए का रिफंड लेना था. इसके लिए उन्होंने 21 सितंबर को Google पर बिग बास्केट का कस्टमर केयर नंबर तलाशा और दिए गए नंबर पर संपर्क किया. फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे वाट्सऐप नंबर मांगा, जिसे उन्होंने उपलब्ध करा दिया.

कुछ देर बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से उनके पास वाट्सऐप वीडियो कॉल आया. कॉल करने वाले ने उन्हें कुछ नंबर डायल करने के लिए कहा और वाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर कस्टमर सपोर्ट एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाया. इसके बाद उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 90 हजार रुपए और फिर सात हजार रुपए के यूपीआई लेनदेन का संदेश आया. इस तरह उनके खाते से कुल 97 हजार रुपए निकल गए.

खाते से रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर घटना की शिकायत दर्ज कराई.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Breaking News: छत्तीसगढ़ में सूबेदार-उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित, 2 से 4 नवंबर तक होनी थी लिखित परीक्षा

Exit mobile version