Railway News: रायपुरियंस के लिए जरूरी खबर, आरक्षण केंद्र के पास वाली पार्किंग होगी शिफ्ट
Railway News: रायपुर. रायपुर रेलवे स्टेशन के शहर साइड में चल रहे पुनर्विकास और निर्माण कार्यों के चलते आरक्षण केंद्र के पास स्थित दोपहिया वाहन पार्किंग को आगामी दिनों में एक्सप्रेस-वे के पास स्थानांतरित किया जाएगा. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक्सप्रेस-वे के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई है.
आरक्षण केंद्र के समीप मौजूदा दोपहिया पार्किंग स्थल को निर्माण कार्य के लिए खाली किया जा रहा है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि पार्किंग स्थल स्थानांतरित होने के बाद निर्धारित स्थल पर ही वाहन खड़े करें. स्टेशन परिसर या अन्य अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. शहर साइड में गेट नंबर-1 के पास प्रीमियम दरों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है. इसके अलावा गुढ़ियारी छोर पर भी यात्रियों के लिए पार्किंग व्यवस्था है.
दोपहिया के लिए 10 से 40 रुपए तक शुल्क
रेलवे द्वारा निर्धारित पार्किंग शुल्क में जीएसटी शामिल है. दोपहिया वाहनों के लिए 2 घंटे तक 10 रुपए, 2 से 6 घंटे तक 15 रुपए, 6 से 12 घंटे तक 20 रुपए और 12 से 24 घंटे तक 30 रुपए शुल्क निर्धारित है. 24 घंटे से अधिक या प्रतिदिन के लिए 40 रुपए तथा मासिक पार्किंग के लिए 600 रुपए शुल्क लगेगा. साइकिल के लिए 2 से 6 घंटे तक 5 रुपए, 6 से 12 घंटे तक 10 रुपए, 12 से 24 घंटे तक 15 रुपए और 24 घंटे से अधिक या प्रतिदिन 20 रुपए शुल्क है. मासिक शुल्क 300 रुपए निर्धारित किया गया है.
चारपहिया वाहनों के लिए 2 घंटे तक 20 रुपए, 2 से 6 घंटे तक 30 रुपए, 6 से 12 घंटे तक 40 रुपए और 12 से 24 घंटे तक 60 रुपए शुल्क लगेगा. 24 घंटे से अधिक या प्रतिदिन के लिए 70 रुपए शुल्क निर्धारित है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः बीरगांव को 135 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 110 करोड़ के नए कामों की घोषणा