सरगुजा ओलंपिक समापन पर CM साय की बड़ी घोषणा, खुलेंगी 3 खेल अकादमियां

Surguja Olympic 2026: रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया.
surguja

सरगुजा ओलंपिक 2026-27

Surguja Olympic 2026: सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को अब बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलने का रास्ता खुलने जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है.

CM साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए

रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया.

4.16 लाख खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

मुख्यमंत्री ने सरगुजा ओलंपिक को ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया. उन्होंने कहा कि पिछले आयोजन में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है. खास बात यह है कि बालिकाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया.

तीन दिनों तक चले इस आयोजन में संभाग के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने 11 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई. विकासखंड से जिला और संभाग स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं ने गांवों और दूरस्थ वनांचलों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर दिया.

तीन खेलों की अकादमी से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण

सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां स्थापित करने की घोषणा को क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इन अकादमियों में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और बेहतर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने की योजना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा खेल वातावरण तैयार करना चाहती है, जहां प्रतिभाओं की पहचान से लेकर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी तक की सुविधाएं मिलें. उनका लक्ष्य है कि सरगुजा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें.

खेलों के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये का बजट

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य खेल अलंकरण से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभ मिला है, जबकि 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई है.

ओलंपिक पदक जीतने पर मिलेंगे 3 करोड़ रुपये

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने ओलंपिक में पदक जीतने वालों के लिए बड़ी प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी की एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक उपलब्धि और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव के भारोत्तोलन में रजत पदक का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं.

खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट

‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया. तीन दिनों तक चले मुकाबलों में 11 खेल विधाओं के प्रतिभागियों ने अपनी खेल क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन किया. मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है. वहीं एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने भी खिलाड़ियों से अपने अनुभव साझा किए और बड़े लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने की अपील की.

समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें