CG News: धमतरी में संदिग्ध गौवंश कटाई की सूचना से मचा हड़कंप, मौके से 86 किलो मांस बरामद
अभिषेक मिश्रा(धमतरी)
CG News: धमतरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा इलाके में संदिग्ध गौवंश कटाई की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंचे गौसेवकों ने बस्ती के भीतर बड़ी मात्रा में मांस पड़े होने का दावा किया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी.
गौवंश कटाई की सूचना से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, बस्ती के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गौवंश की कटाई किए जाने की सूचना गौसेवकों को मिली थी. सूचना मिलने पर गौसेवक मौके पर पहुंचे. उनका आरोप है कि वहां पशु के कटे हुए अवशेष और मांस के टुकड़े पड़े हुए थे. गौसेवकों को देखकर कथित आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
हिंदू जागरण मंच के लोगों ने की जांच की मांग
हिंदू जागरण मंच के डाकेश्वर साहू ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गौवंश को काटने के लिए लाया गया है. मौके पर पहुंचने पर बड़ी मात्रा में मांस मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि मांस की बिक्री किए जाने की भी जानकारी मिली है. उन्होंने मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा.
वहीं हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू ने कहा कि घटनास्थल के पास तालाब किनारे हड्डियां और खाल भी मिली हैं. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिन पर रोक लगाई जानी चाहिए.
मौके से 86 किलो मांस बरामद
इधर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मयंक पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं. उन्होंने बताया कि लगभग 86 किलो मांस बरामद हुआ है. नमूनों को परीक्षण के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस गौवंश का है या नहीं.
ये भी पढ़ें- Ambikapur: 60 करोड़ से बन रहा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, लेकिन निगम का प्लान अधूरा, व्यवस्था पर उठे सवाल
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.