CG News: प्‍लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में बन रहा था एनालॉग पनीर, खाद्य विभाग ने साढ़े 6 क्विंटल किया जब्त

CG News: फैक्ट्री के अंदर अंशु बंसल नामक व्‍यक्ति सांवलिया सेठ मिल्‍क एंड प्रोडक्ट के नाम पर बड़ी मात्रा में पनीर तैयार किया जा रहा था.
Analog cheese seized

एनालॉग पनीर जब्त

CG News: रायपुर में प्रतिबंधित नकली पनीर (एनालॉग) तैयार किए जाने का मामला सामने आया है. बीरगांव में प्‍लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में बड़ी मात्रा में एनालॉग यानी नकली पनीर बनाया जा रहा था. फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना के बाद दबिश दी और करीब 650 किलो का माल जब्त कर लिया.

विभाग ने जब्त किए पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, एक-दो दिन के भीतर रिपोर्ट आएगी, जिसके बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी. शुरूआती जानकारी के मुताबिक बीरगांव में पंछी डोर्स एंड प्‍लाईवुड फैक्ट्री का संचालन हो रहा था. वहीं फैक्ट्री के अंदर अंशु बंसल नामक व्‍यक्ति सांवलिया सेठ मिल्‍क एंड प्रोडक्ट के नाम पर बड़ी मात्रा में पनीर तैयार किया जा रहा था.

ओडिशा जा रही थी नकली पनीर की खेप

खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. मंगलवार शाम करीब 7 बजे बीरगांव के ओमिया मार्केट स्थित पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर तैयार किया गया करीब 650 किलो पनीर पिकअप वाहन से ओडिशा भेजा जा रहा था. फैक्ट्री से पनीर की खेप निकलते ही मुखबिर ने इसकी जानकारी खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई की और जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन को रोक लिया.

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में पनीर मिला. टीम ने ड्राइवर से पनीर से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास जरूरी कागजात नहीं थे. इसके बाद विभाग ने पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया. अब अधिकारी फैक्ट्री में पनीर तैयार करने की प्रक्रिया, इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इस काम से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं.

इससे पहले 5 बड़ी कार्रवाई

राजधानी रायपुर में नकली या अमानक पनीर के खिलाफ पिछले एक महीने में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने पांच कार्रवाई की हैं. इनमें से तीन मामलों की जांच रिपोर्ट विभाग को मिल चुकी है. दो मामलों में पनीर अमानक पाया गया, जबकि एक मामले में जांच के दौरान पनीर निर्धारित मानकों के अनुरूप मिला. बाकी दो मामलों की रिपोर्ट अभी विभाग को प्राप्त नहीं हुई है. अमानक पनीर मिलने वाले मामलों में विभाग प्रकरण तैयार कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहा है.

इससे पहले 4 अगस्त को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास प्रियांशु राय के कब्जे से 100 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया गया था. यह पनीर अंबिकापुर भेजे जाने की तैयारी में था. जांच के बाद पनीर अमानक पाया गया. इसके अगले दिन 5 अगस्त को खाद्य विभाग की टीम ने तिल्दा स्थित एक डेयरी का औचक निरीक्षण किया था. यहां तैयार किए जा रहे पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट में भी पनीर अमानक पाया गया.

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित की जा चुकी है. इसके बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने ऐसे उत्पादों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज कर दी है.

ये भी पढे़ं- CG News: 7 दिनों में 376 नमूने लिए गए, 550 किलो से एनालॉग पनीर नष्ट

ज़रूर पढ़ें