Surajpur: विश्रामपुर थाने के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी, दीपक बैज के साथ दिखे टीएस बाबा, बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल
दीपक बैज के साथ दिखे टीएस बाबा
Surajpur: सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज होने के बाद विश्रामपुर थाने के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है. इस प्रदर्शन में PCC चीफ दीपक बैज और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव साथ दिखे. वहीं बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए हैं.
विश्रामपुर थाने के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
विश्रामपुर में थाना के बाहर कांग्रेस के नेताओं के द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है. प्रदर्शन कल से शुरू हुआ है. प्रदर्शन में कल पूर्व उपमुख्यमंत्री TS बाबा के अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत सहित कई सीनियर लीडर शामिल हुए थे. पीसीसी चीफ दीपक बैज भी प्रदर्शन में कल से ही लगातार शामिल हो रहे हैं. आज भी धरना स्थल पर बैठे हुए हैं. कार्यकर्ताओं के द्वारा थाना के बाहर पंडाल लगाकर प्रदर्शन किया जा रहा है. दीपक बैज का कहना है कि पुलिस के द्वारा जो अपराध दर्ज किया गया है उसे जब तक वापस नहीं लिया जाता है तब तक कांग्रेस इसी तरीके से यहां पर प्रदर्शन करती रहेगी. कांग्रेस का आरोप है कि नरेंद्र जैन के पास से पुलिस ने कोई हथियार जप्त नहीं किया है उसके बाद भी आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस ने यह कार्यवाही राजनीतिक दबाव की वजह से की है.
ये भी पढ़ें- ‘मेरे जगद्गुरु होने का पूर्ण परीक्षण कर लें…’, चरणदास महंत के बयान पर रामभद्राचार्य का पलटवार
क्या था पूरा मामला?
विश्रामपुर क्षेत्र के शिवनंदनपुर में नगर पंचायत चुनाव होने वाला है 1 जून को यहां पर वोटिंग होना है. बताया गया है कि 2 दिन पहले कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता मित्तल पांडे अपने साथियों के साथ बीजेपी का झंडा लगाने गया हुआ था क्योंकि नरेंद्र जैन के भाई राजेश जैन भाजपा से पार्षद उम्मीदवार हैं. कुछ दिन पहले ही नरेंद्र सिंह के भाई राजेश जैन को भाजपा ज्वाइन कराकर पार्षद का टिकट दिया गया है. बताया गया है कि मित्तल पांडे को राजेश जैन ही अपने घर के बाहर भाजपा का झंडा लगाने के लिए बुलाए थे इस दौरान भाजपा कार्यकर्त्ता मित्तल पांडे की मुलाकात नरेंद्र जैन से हो गई और दोनों के बीच चुनाव मे हार जीत की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसी दौरान नरेंद्र जैन ने धारदार हथियार दिखाया.