Ambikapur News: AI से डिजाइन, क्यूट लुक में गणपति बाबा! अंबिकापुर में GEN Z की पसंद पर बन रही गणेश प्रतिमाएं
AI से बनी गणेश जी की मूर्ति का डिज़ाइन
Ambikapur News: गणेश उत्सव को लेकर अंबिकापुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं. शहर में गणपति भगवान की मिट्टी की प्रतिमाओं का निर्माण तेजी से चल रहा है. इस बार गणेश प्रतिमाओं के निर्माण में पारंपरिक कला के साथ नई तकनीक का भी इस्तेमाल देखने को मिल रहा है. गणेश भक्त AI की मदद से अपनी पसंद की गणेश प्रतिमा का डिजाइन तैयार कराकर मूर्तिकारों को दिखा रहे हैं, जिसके आधार पर प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं.
अंबिकापुर में इस वर्ष करीब 5 हजार से अधिक मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं. इनमें करीब एक फीट से लेकर 14 फीट तक ऊंची प्रतिमाएं शामिल हैं. मूर्तिकारों के कारखानों में दिन-रात गणपति प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है.
AI से डिजाइन और मूर्तिकारों के हाथों आकार
इस बार गणेश प्रतिमाओं के डिजाइन में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. खासकर युवा और GEN Z अपनी पसंद के मुताबिक गणपति की प्रतिमा बनवा रहे हैं. कई भक्त पहले AI की मदद से गणेश भगवान की तस्वीर या डिजाइन तैयार कर रहे हैं और फिर उसे मूर्तिकारों को दिखाकर उसी तरह की प्रतिमा बनवा रहे हैं.
युवाओं के बीच इस बार क्यूट लुक वाले गणेश बाबा की प्रतिमाओं की मांग ज्यादा दिखाई दे रही है. बड़ी आंखें, आकर्षक चेहरे और अलग-अलग आधुनिक रूपों में गणपति की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं.
कोलकाता की GEN Z मूर्तिकार दे रही नया लुक
अंबिकापुर में इस बार कोलकाता से आई युवा मूर्तिकार सायन्तिका पॉल भी गणेश प्रतिमाओं को नया लुक देने में जुटी हैं. सायन्तिका अपने पिता के साथ मिलकर मूर्तियों को तैयार कर रही है. पारंपरिक मूर्तिकला के साथ वह नए डिजाइन और युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए प्रतिमाओं को आकार दे रही हैं.
मूर्ति कारखाने में गणेश प्रतिमाओं को तैयार करने से लेकर रंग-रोगन और अंतिम सजावट तक का काम तेजी से चल रहा है. अलग-अलग आकार और डिजाइन की प्रतिमाओं को भक्तों की मांग के अनुसार तैयार किया जा रहा है.
बढ़ रही आधुनिक डिजाइन वाली प्रतिमाओं की मांग
मूर्तिकारों के मुताबिक, समय के साथ गणेश प्रतिमाओं की पसंद में भी बदलाव आया है. पहले जहां पारंपरिक डिजाइन वाली प्रतिमाओं की मांग ज्यादा रहती थी, वहीं अब युवा कुछ अलग और आकर्षक डिजाइन चाहते हैं. यही वजह है कि AI से तैयार डिजाइन भी अब मूर्तिकारों तक पहुंच रहे हैं और उनके आधार पर गणपति की प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं.
अंबिकापुर के मूर्ति कारखानों में इन दिनों गणेश प्रतिमाओं की तैयारियों का नजारा देखने लायक है. कहीं मिट्टी से प्रतिमा को आकार दिया जा रहा है तो कहीं रंग-रोगन और सजावट का काम चल रहा है. गणेश उत्सव नजदीक आते ही इन प्रतिमाओं की मांग और बढ़ने की उम्मीद है.