Ambikapur News: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में 1.81 करोड़ की खरीदी पर सवाल, स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत

Ambikapur News: स्वास्थ्य मंत्री को दिए गए शिकायत पत्र में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के तत्कालीन प्रभारी अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का दावा है कि वर्ष 2024-25 में जीवन दीप समिति/स्वशासी समिति के बजट एवं आय से अस्पताल के लिए अलग-अलग संस्थाओं और फर्मों से कुल 1,81,84,281 रुपये की सामग्री खरीदी गई है.
health minister

स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत की गई

Ambikapur News: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं. मामले की शिकायत प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से शिकायत कर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के साथ RTI से प्राप्त जानकारी और अन्य दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं.

स्वास्थ्य मंत्री को दिए गए शिकायत पत्र में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के तत्कालीन प्रभारी अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का दावा है कि वर्ष 2024-25 में जीवन दीप समिति/स्वशासी समिति के बजट एवं आय से अस्पताल के लिए अलग-अलग संस्थाओं और फर्मों से कुल 1,81,84,281 रुपये की सामग्री खरीदी गई है. शिकायत में इन खरीदी प्रक्रियाओं और भुगतान में अनियमितता की जांच की मांग की गई है.

कर्मचारियों की भर्ती में 40 हजार रुपये लेने का आरोप

शिकायत में अस्पताल में कर्मचारियों को नियम विरुद्ध तरीके से रखने और कथित तौर पर भर्ती के एवज में पैसे लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है. पत्र के मुताबिक, 100 से अधिक लोगों को करीब 40-40 हजार रुपये लेकर काम पर रखने का आरोप है. शिकायतकर्ता ने इसे लेकर भी जांच और कार्रवाई की मांग की है.

डीजल और वाहन खर्च को लेकर भी सवाल

शिकायत पत्र में अस्पताल के वाहन और जनरेटर के लिए डीजल-पेट्रोल की खरीदी पर भी सवाल उठाए गए हैं. इसमें जनवरी 2025 से नवंबर 2025 के बीच 33,18,272 रुपये के डीजल क्रय तथा जनवरी 2023 से नवंबर 2025 के बीच वाहन मरम्मत पर 5,00,105 रुपये खर्च होने का उल्लेख किया गया है. शिकायतकर्ता ने इन खर्चों की भी जांच की मांग की है.

आयुष्मान योजना में भी अनियमितता का आरोप

शिकायत में आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को मिलने वाले इलाज और भुगतान को लेकर भी कथित अनियमितताओं का जिक्र किया गया है. शिकायतकर्ता ने आरोपों की विभागीय स्तर पर जांच कराए जाने की मांग की है.

डॉ. आर्या को पद से हटाने की मांग

राणा रणविजय सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने तक डॉ. आरसी आर्या को वर्तमान पद से अलग किया जाए और जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि डॉ. आर्या के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गई हैं. साथ ही, 3 सितंबर 2026 के शासन आदेश के तहत उन्हें डीन के पद पर नियुक्त किए जाने का भी जिक्र करते हुए इस नियुक्ति की समीक्षा की मांग की गई है.

ये भी पढ़ें-Ambikapur News: AI से डिजाइन, क्यूट लुक में गणपति बाबा! अंबिकापुर में GEN Z की पसंद पर बन रही गणेश प्रतिमाएं

स्वास्थ्य मंत्री बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शिकायत की जांच कराने की बात कही है. मंत्री के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों और दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी. जांच में यदि अनियमितता या गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ज़रूर पढ़ें