Ambikapur: बदहाल सड़कों को लेकर मंत्री के बंगले का घेराव, विधायक बोले-खुद शर्मिंदा हूं

अंबिकापुर में बदहाल सड़कों को लेकर लोगों ने कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव किया. भारी बारिश में भी प्रदर्शनकारी डटे रहे. सूरजपुर से लौटकर मंत्री ने प्रदर्शनकारियों से बात की, सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया और चाय, लड्डू, आलू चाप खिलाकर आंदोलन खत्म कराया.
Ambikapur

अंबिकापुर

Ambikapur: शहर की बदहाल सड़कों को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों और समाजसेवी संगठन के सदस्यों का आक्रोश सामने आया. सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव कर दिया. इस दौरान बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी डटे रहे और सड़कों की हालत सुधारने की मांग को लेकर नारेबाजी की.

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबिकापुर शहर की कई प्रमुख सड़कों की हालत बेहद खराब है. जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है.ऐसे में सड़क निर्माण और मरम्मत का काम तत्काल शुरू किया जाना चाहिए.

बारिश में भीगते हुए किया प्रदर्शन

मंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन प्रदर्शनकारी वहां से नहीं हटे. लोग बारिश में भीगते हुए सड़क की बदहाली के खिलाफ आवाज उठाते रहे. प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदारों से जल्द से जल्द सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की.

हालांकि जिस समय प्रदर्शनकारी बंगले पहुंचे, उस वक्त कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल वहां मौजूद नहीं थे. उस समय वे सूरजपुर में थे. बंगले के घेराव और नारेबाजी की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर बाद अंबिकापुर स्थित अपने सरकारी बंगले पहुंचे.

मंत्री ने कहा-सड़कों की हालत पर खुद शर्मिंदा हूं

बंगले पहुंचने के बाद राजेश अग्रवाल ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की. उन्होंने उनकी मांगों को सुना और सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया. मंत्री ने कहा कि बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद सड़कों का काम शुरू कराया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि शहर की सड़कों की मौजूदा स्थिति को लेकर वे खुद शर्मिंदा हैं, लेकिन आने वाले समय में अंबिकापुर की सड़कों की दशा और दिशा बदलने वाली है.

मंत्री ने खिलाया लड्डू और आलू चाप

सड़क को लेकर मंत्री के बंगले का घेराव करने पहुंचे लोगों के साथ बातचीत के बाद माहौल अचानक हल्का हो गया. मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदर्शनकारियों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था कराई. इसके साथ ही उन्हें लड्डू और आलू चाप भी खिलाया गया. बारिश में सड़क की बदहाली को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे लोग मंत्री के साथ बातचीत और चाय- नाश्ते के बाद वापस लौट गए. प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया.

इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शन करने के लिए बंगले पहुंचे लोगों का धन्यवाद भी किया. सड़क के मुद्दे को लेकर हुआ यह प्रदर्शन जहां शहर की बदहाल सड़कों को लेकर लोगों की नाराजगी को सामने लाया, वहीं चाय, लड्डू और आलू चाप के साथ आंदोलन का खत्म होना भी चर्चा का विषय रहा.

Ujjain: खड़े हनुमान मंदिर का ढांचा तोड़ा, पर प्रतिमा नहीं हिली, आज मंदिर के बाहर दिखाई जाएगी हनुमान अंश फिल्म

ज़रूर पढ़ें