Ambikapur: विस्तार न्यूज़ की खबर का असर, रोलर मशीन से सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू, सड़क पर उतरे अफसर
सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू
Ambikapur: अंबिकापुर से होकर गुजरने वाले कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत को लेकर सियासत तेज हो गई है. सड़क की बदहाली को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने अंबिकापुर में मंत्री राजेश अग्रवाल सहित भाजपा के अन्य नेताओं को भी फटकार लगाई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए, जिसकी वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े.
वहीं, सड़क की बदहाली को लेकर विस्तार न्यूज़ ने भी प्रमुखता से खबर दिखाई थी. इसके बाद अब नेशनल हाईवे विभाग ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है. राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आरडी ताम्ब्रे मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया.
बड़े गड्ढों में डाले जा रहे पत्थर, रोलर से हो रहा समतलीकरण
मरम्मत के दौरान सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पत्थर डाले जा रहे हैं और इसके बाद रोलर चलाकर सड़क को समतल किया जा रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अस्थाई मरम्मत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की सबसे बड़ी समस्या पानी की निकासी नहीं होना है. खेतों और आसपास के इलाकों का पानी बड़ी मात्रा में सड़क पर पहुंचता है, जिसके कारण हर साल बरसात में सड़क बुरी तरह खराब हो जाती है. लोगों का कहना है कि पिछले साल भी सड़क की स्थिति ऐसी ही थी और अधिकारियों ने बरसात से पहले सड़क दुरुस्त करने का दावा किया था, लेकिन हालात नहीं बदले.
सड़क किनारे बनाई जा रही अस्थाई नाली
अब मरम्मत के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग सड़क के किनारे अस्थाई नाली का निर्माण भी करा रहा है। इसका उद्देश्य खेतों और बरसात का पानी सड़क पर आने से रोकना है, ताकि फिलहाल की गई मरम्मत कुछ महीनों तक टिक सके.
बताया जा रहा है कि इसके बाद इस सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा. करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की योजना है. कार्यपालन अभियंता आरडी ताम्ब्रे के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है. बारिश रुकने के बाद नए सिरे से सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा.
तीन जगह करीब 6 किलोमीटर सड़क बेहद खराब
कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क की स्थिति बेहद खराब है। इसमें खरसिया नाका अंबिकापुर, सीतापुर, एमजी रोड़ अंबिकापुर में करीब 6 किलोमीटर लंबा हिस्सा जर्जर स्थिति में है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसे का खतरा भी बना हुआ है.
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- बरसात के बाद शुरू होगा निर्माण
भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. बरसात खत्म होने के बाद सड़क का स्थायी निर्माण शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद विभाग की ओर से मरम्मत का काम शुरू कराया गया है.
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिले की सड़कों की हालत बेहद खराब है. उनके मुताबिक ट्रिपल इंजन की सरकार सड़कों को छोड़कर बाकी सभी मामलों में भी विफल साबित हुई है और इसका खामियाजा आने वाले समय में भाजपा को भुगतना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें- CG Crime News: अशिक्षा का फायदा उठाकर 60 वर्षीय महिला की 21 डिसमिल जमीन हड़पी, आरोपी गिरफ्तार
फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुरू हुई मरम्मत से वाहन चालकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन स्थानीय लोगों की नजर अब स्थायी निर्माण पर है. लोगों का कहना है कि जब तक पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक हर साल बरसात में सड़क के खराब होने का सिलसिला जारी रहेगा.