Chirmiri Bharatpur News: स्कूल में बच्चे गायब, पढ़ाई ठप होने की शिकायत पर तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
सांकेतिक तस्वीर
Chirmiri Bharatpur News: छत्तीसगढ़ के चिरमिरी-भरतपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं. भरतपुर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल बड़ागांव खुर्द में शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत सामने अई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
निरीक्षण में विद्यालय बंद मिलने का मामला
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को किए गए निरीक्षण के प्रतिवेदन में विद्यालय बंद पाए जाने और विद्यार्थियों की अनुपस्थिति का उल्लेख किया गया है. वहीं ग्रामीणों ने भी शिक्षकों की नियमित उपस्थिति नहीं होने और इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत की थी. इन शिकायतों और निरीक्षण में सामने आई स्थिति के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षकों से जवाब मांगते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है.
तीन शिक्षकों को जारी किया गया नोटिस
इस मामले में प्रभारी प्राचार्य रमेश कोसारिया, व्याख्याता प्रियंका मिंज और अतिथि शिक्षक घोरेलाल पाली को 23 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. तीनों शिक्षकों को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने कहा है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो मामले में विभागीय जांच कराई जा सकती है.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
सरकारी स्कूल में पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर सामने आए इस मामले ने विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े किया हैं. अब शिक्षकों के जवाब और शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी. ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग की सख्ती से स्कूल में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी.