CG News: INC की गाइडलाइन नहीं मानने वाले नर्सिंग कॉलेजों हो जांच, सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति ने CMHO को सौंपा ज्ञापन
नर्सिंग कॉलेजों की जांच की मांग
CG News: सरगुजा जिले में संचालित नर्सिंग कॉलेजों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य बिहारी लाल उरांव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सरगुजा को पत्र सौंपकर जिले में संचालित सभी नर्सिंग कॉलेजों की जांच कराने की मांग की है. पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ नर्सिंग कॉलेज इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की निर्धारित गाइडलाइन और न्यूनतम आवश्यक मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे हैं.
समिति की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र सरगुजा में कई नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं. आरोप है कि कुछ संस्थानों में पर्याप्त भवन, प्रशिक्षित फैकल्टी, मान्यता प्राप्त अस्पताल से टाई-अप, विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. इसके बावजूद प्रवेश प्रक्रिया और प्रशिक्षण का कार्य जारी रहने से विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
जांच समिति गठित करने की मांग
बिहारी लाल उरांव ने प्रशासन से जिले में संचालित सभी नर्सिंग कॉलेजों की जांच के लिए एक समिति गठित करने की मांग की है. पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच प्रक्रिया में सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति के एक सदस्य को शामिल किया जाए, ताकि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके.
मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर हो कार्रवाई
समिति ने मांग की है कि जांच के दौरान जो भी नर्सिंग संस्थान इंडियन नर्सिंग काउंसिल की गाइडलाइन और न्यूनतम आवश्यक मानकों का पालन करते नहीं पाए जाएं, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए. पत्र में इस मामले को विद्यार्थियों के भविष्य और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की गुणवत्ता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए तत्काल ध्यान देने का आग्रह किया गया है.
पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, इंडियन नर्सिंग काउंसिल के अध्यक्ष, संभागीय स्वास्थ्य अधिकारी और सरगुजा कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है.
अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग जिले के नर्सिंग कॉलेजों की जांच के लिए क्या कदम उठाता है, और यदि किसी संस्थान में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है.
ये भी पढे़ं- CG Teacher News: टीचर्स की कमी को लेकर शिक्षा विभाग का नया प्लान तैयार, जल्द ही होगी री-जॉइनिंग