चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से फसल नुकसान पर टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, किसानों के लिए की 4 बड़ी मांगें

TS Singh Deo Letter on Cyclone Akwan Crop Loss: अंबिकापुर. चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम के कारण फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है. प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा देने सहित चार प्रमुख मांगें रखी हैं.
Former Deputy CM TS Singhdev

अंबिकापुर. चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम के कारण फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है. प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा देने सहित चार प्रमुख मांगें रखी हैं.

23 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खलिहानों में मिंजाई के लिए रखे गए धान के भीगने से खराब होने की स्थिति बनी है. उन्होंने कहा कि धान की फसल प्रदेश के अधिकांश किसानों के परिवारों की वर्षभर की आजीविका का प्रमुख आधार है. ऐसे में प्राकृतिक आपदा से किसानों को गंभीर आर्थिक क्षति हुई है.

फसल नुकसान का दोबारा आकलन कर मुआवजा देने की मांग

टीएस सिंहदेव ने पत्र में बताया है कि तूफान आने के समय तक धान की फसल की केवल 30 प्रतिशत कटाई-मिंजाई हो पाई थी, जबकि लगभग 70 प्रतिशत फसल खेतों में खड़ी थी. किसानों से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय स्तर पर नुकसान का आकलन शून्य (0) दर्शाया जा रहा है, जो वास्तविक स्थिति नहीं है. उन्होंने आशंका जताई है कि बीमा कंपनियों के दबाव में वास्तविक नुकसान का आकलन प्रभावित हो सकता है. इसलिए निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

धान खरीदी की अंतिम तिथि 15 फरवरी करने की मांग

सिंहदेव ने धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि पटवारी हड़ताल, उपार्जन केंद्रों के फड़ गीले होने और 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीदी की बाध्यता के कारण किसानों को परेशानी हो रही है. इसके अलावा एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में सामने आ रही त्रुटियों के कारण भी किसानों की धान खरीदी प्रभावित होने की आशंका है. इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी करने का अनुरोध किया है.

सब्जी उत्पादक किसानों को भी मिले मुआवजा

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि तूफान और बेमौसम बारिश से सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान हुआ है. टमाटर, गोभी वर्गीय सब्जियां, खीरा और लौकी जैसी उद्यानिकी फसलें प्रभावित हुई हैं. उन्होंने सरकार से इन फसलों का भी शीघ्र मूल्यांकन और जांच कराकर प्रभावित उद्यानिकी किसानों को मुआवजा देने की मांग की है.

फसल बीमा क्लेम का तेजी से हो भुगतान

टीएस सिंहदेव ने फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि कई जिलों में निजी फसल बीमा कंपनियों के दबाव में संपूर्ण कृषि भूमि को असिंचित बताकर बीमा किया गया है.

उन्होंने मांग की है कि ‘अकवान’ तूफान से हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन स्तर पर त्वरित पहल की जाए और बिना किसी दबाव के किसानों को उनकी फसल के उत्पादन मूल्य तक का बीमा क्लेम दिलाया जाए.

मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई का आग्रह

टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराया जाए. पीड़ित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति और मुआवजा दिया जाए. साथ ही प्राकृतिक आपदा के कारण धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने और सभी पात्र किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलाने के लिए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें