korea: ‘किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और माफियाराज बर्दाश्त नहीं’, तिहरे हत्याकांड में गजेंद्र यादव का बड़ा बयान
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
korea: कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगाई ग्राम से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया था, जहां रेत माफियाओं ने तीन लोगों को जिंदा जलाने का दुस्साहस किया. इस जघन्य हत्याकांड पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है. बता दें कि इस हत्याकांड के सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मंत्री गजेंद्र यादव ने दी चेतावनी
मंत्री गजेंद्र यादव ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और माफियाराज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि छत्तीसगढ़ को किसी भी सूरत में बिहार नहीं बनने देंगे.सरकार की त्वरित कार्रवाई की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मंत्री ने आगे कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है; आने वाले समय में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए उनके घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
16 जून की रात को हुई थी वारदात
यह दिल दहला देने वाली वारदात 16 जून की रात नौगई इलाके में हुई थी, नौगई गांव में एक भाजपा नेता सहित तीन लोगों को उनकी ही कार में जिंदा जला दिया गया था. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ था.
ये भी पढ़ें: CG News: बस्तर में करपावंड जमीन विवाद में प्रशासन का बड़ा एक्शन, 21 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 12 भेजे गए जेल