Surguja: रात में JCB लेकर सड़क ठीक कराने उतरे बीजेपी विधायक, इसी रास्ते पर फंसी थी पवन साय की कार
MLA राम कुमार टोप्पो
CG News: सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण जर्जर हुई NH सड़क की हालत सुधारने के लिए विधायक राम कुमार टोप्पो खुद सड़क पर उतरे. विधायक JCB मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की मरम्मत का काम कराया. उन्होंने खुद मौके पर खड़े रहकर देर रात तक मरम्मत कार्य की निगरानी की.
राहगीरों की परेशानी देख रात में पहुंचे विधायक
सीतापुर में जगह-जगह सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई थी. लोगों की परेशानी को देखते हुए विधायक राम कुमार टोप्पो रात में स्वयं मौके पर पहुंचे और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया.
JCB लेकर खुद मौके पर उतरे विधायक
विधायक राम कुमार टोप्पो ने JCB मशीन की मदद से सड़क पर बने गड्ढों को भरवाने और उन्हें समतल कराने का काम कराया. इस दौरान वह खुद मौके पर मौजूद रहे और मरम्मत कार्य की निगरानी करते रहे. देर रात तक विधायक सड़क पर खड़े रहकर अधिकारियों और कर्मचारियों से काम की जानकारी लेते रहे.
इसी सड़क पर फंस चुकी है पवन साय की कार
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की कार भी सीतापुर की इसी खराब सड़क पर फंस गई थी. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण आम राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
भारी बारिश के चलते सड़क पर बार-बार गड्ढे बन रहे हैं. बारिश के पानी और लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है. ऐसे में फिलहाल गड्ढों की मरम्मत कर लोगों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है.
बारिश थमने के बाद स्थायी सड़क निर्माण का भरोसा
विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क का स्थायी रूप से निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को इस समस्या से पूरी तरह निजात मिल सके. उन्होंने नगरवासियों से बारिश का मौसम खत्म होने तक सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है.
ये भी पढे़ं- विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, नायब तहसीलदार की गिरफ्तारी की मांग की