Surguja News: सूरजपुर में कबरा हाथी ने 55 वर्षीय व्यक्ति को कुचला, उदयपुर में करंट की चपेट में आने से नर हाथी की मौत

Surguja Elephant Attack: सूरजपुर जिले में कबरा कान वाला हाथी लगातार मौत का तांडव मचा रहा है. कल्याणपुर से करमपुर होते हुए कन्दरई इलाके में पहुंचे हाथी ने टुरी पतरा निवासी 55 वर्षीय बिसुन को कुचलकर मार डाला. बिसुन अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था. इसी दौरान देर रात करीब एक बजे बाजारपारा के पास उसका सामना हाथी से हो गया.
Surguja Elephant Attack

कबरा हाथी ने एक व्यक्ति को कुचला

Surguja Elephant Attack: सरगुजा संभाग में हाथी और इंसानों के बीच संघर्ष अब भयावह रूप लेता जा रहा है. एक ओर सूरजपुर में कबरा हाथी लगातार इंसानों की जान ले रहा है, तो दूसरी ओर सरगुजा जिले के उदयपुर में करंट की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई. उसके साथ मौजूद दूसरा हाथी भी पिछले एक सप्ताह से लापता है. आशंका जताई जा रही है कि उसकी भी करंट से मौत हो चुकी होगी. हालांकि वन विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है.

कबरा हाथी ने फिर ली एक और जान

सूरजपुर जिले में कबरा कान वाला हाथी लगातार मौत का तांडव मचा रहा है. कल्याणपुर से करमपुर होते हुए कन्दरई इलाके में पहुंचे हाथी ने टुरी पतरा निवासी 55 वर्षीय बिसुन को कुचलकर मार डाला. बिसुन अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था. इसी दौरान देर रात करीब एक बजे बाजारपारा के पास उसका सामना हाथी से हो गया. हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस हाथी ने अब तक 6 माह में 15 लोगों को मारा है.

इस हाथी के हमलों में पिछले छह महीने के भीतर सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 15 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं पिछले डेढ़ महीने में ही आधा दर्जन लोग इसके हमले का शिकार हुए हैं. लगातार हो रही मौतों के बाद वन विभाग अब हाथी को ट्रैंकुलाइज करने और कॉलर आईडी लगाने की तैयारी कर रहा है.

उदयपुर में करंट से नर हाथी की मौत

वहीं सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सुखरी भंडार पंचायत के कुसुवा मुड़ा गांव के पास एक नर हाथी का शव मिला है. बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले करमकट्टरा जंगल में 14 हाथियों का दल पहुंचा था. इनमें से 12 हाथी चकेरी के जंगल की ओर चले गए, जबकि दो हाथी लापता हो गए थे. अब इनमें से एक का शव मिला है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसकी मौत करंट की चपेट में आने से हुई है.

आशंका है कि जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हाथी की जान गई। बताया जा रहा है कि वन विभाग को करीब एक सप्ताह पहले ही हाथी की मौत की जानकारी मिल गई थी, लेकिन शव अब बरामद हुआ है। वहीं, दूसरे लापता हाथी की तलाश जारी है.

वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

सरगुजा संभाग में हाथी और इंसानों के बीच बढ़ते संघर्ष ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सूरजपुर में कबरा हाथी के हमलों से लगातार लोगों की मौत हो रही है, तो दूसरी ओर जंगलों में करंट बिछाए जाने से हाथियों की जान जा रही है. इसके बावजूद वन विभाग की कार्रवाई निगरानी, तलाश और कागजी प्रक्रियाओं तक सीमित नजर आ रही है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब हाथियों और इंसानों के बीच बढ़ते इस संघर्ष पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा? कबरा हाथी के आतंक से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.

ज़रूर पढ़ें