अंबिकापुर में बेखौफ बदमाश का आतंक, करोड़ों के गहनों पर किया हाथ साफ, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
सीसीटीवी में दिखा बदमाश
Ambikapur: सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई है. काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव लगभग ₹1 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग की उठाईगिरी के शिकार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग कुछ देर के लिए अपनी स्कूटी के पास रखा. इसी बीच अज्ञात बदमाश मौके का फायदा उठाकर बैग लेकर फरार हो गया.
सीसीटीवी कैमरों में कैद हो हुई घटना
पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में एक संदिग्ध आरोपी दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल
बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) से लगे हाई स्कूल के पास संचालित होती है. दिनदहाड़े करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात की उठाईगिरी की इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन तक एक्टिव रहेगा मानसून, आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट