MP News: छिंदवाड़ा में ‘जहरीली मिठाई’ कांड का पर्दाफाश, घोड़े को पिलाने वाली दवा मिलाकर दिया, 3 लोगों की हुई थी मौत

पुलिस ने खुशबू के ससुर, ननद और देवर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. जिन्होंने बदला लेने की नीयत से तीन-तीन जिंदगियों को खत्म कर दिया.
Symbolic Picture

सांकेतिक तस्वीर

MP News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा का जुन्नारदेव इलाका, सर्द हवाओं के आगोश में दिन की शुरुआत हो रही थी. पीएचई कार्यालय के गेट पर चाय का ठेला लगाने वाला मुकेश कथुरिया भी दुकान पर पहुंच चुका था. सबकुछ रोजाना की तरह था. बस अलग था, एक हरे रंग का थैला. चाय के ठेले के पास गेट पर ये थैला टंगा हुआ था. शायद कोई ये थैला भूल गया था. काफी देर तक कोई लेने नहीं आया, तो मुकेश थैला खोलकर देखता है. जिसके अंदर कुछ सब्जियां, नमकीन का पैकेट और एक मिठाई का डिब्बा रखा था. धीरे-धीरे वक्त बीत रहा था, ना कोई थैला लेने आया और ना कोई उसकी खबर पूछने. PHE कार्यालय के चौकीदार दशरू यदुवंशी भी पहुंचता है और फिर डिब्बे से मिठाई निकालकर खा लेता है. मिठाई खाने के बाद दशरू यदुवंशी की तबीयत बिगड़ती है और उसकी मौत हो जाती है.

ससुर और बेटी ने भी दम तोड़ा

दशरू यदुवंशी की मौत से अनजान चाय का ठेला लगाने वाले मुकेश की पत्नी इस थैले को घर ले जाती है और घर जाकर अपने ससुर और दो बेटियों के साथ मिठाई खा लेती है. फिर इसी मिठाई को खाने के बाद एक-एक कर पहले सुसर सुंदरलाल की मौत होती है और अगले ही दिन बेटी खुशबू भी दम तोड़ देती है. अब चारों तरफ हड़कंप मच जाता है. सनसनी फैल जाती है, क्योंकि एक मिठाई को खाकर तीन लोगों की जान चली गई थी.

मिठाई में घोड़े को पिलाने वाली दवा मिलाई

मिठाई के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं. अंदेशा था कि मिठाई मिलावटी हो सकती है. .मिठाई खराब हो सकती है. जिसे खाने से लोग बीमार हुए. लेकिन जब रिपोर्ट आई तो लोगों के होश उड़ गए, क्योंकि मिठाई एकदम ताजी थी. लेकिन उसमें जहर मिला हुआ था. मिठाई में घोड़े को पिलाने वाली दवा सोलम मिली होने की बात सामने आती है, और ये दवा भी इतनी ज्यादा मात्रा में मिली थी, कि किसी की भी जान ले ले.

खाद्य विभाग की रिपोर्ट के बाद पुलिस भी अलर्ट

खाद्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई थी, क्योंकि इसमें अब कोई शक नहीं था कि मिठाई में जहरीली दवा जानबूझकर मिलाई गई थी. किसी खौफनाक साजिश का अंदेशा लगने लगा था, लेकिन अब सवाल यही था कि क्या कोई ये जहरीली मिठाई गलती से भूलकर चला गया था, या फिर जानबूझकर थैला गेट के बाहर छोड़ा गया था. सवाल कई थे, और पुलिस अब जांच में जुट चुकी थी. पुलिस अब चाय का ठेला लगाने वाले मुकेश कथरिया की कुंडली खंगाल रही थी, और ये देखने की कोशिश कर रही थी कि क्या मुकेश की किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं है और उससे बदला लेने के लिए जहरीली मिठाई को उसके ठेले के पास छोड़ा गया. क्या ये साजिश मुकेश और उसके परिवार के लिए थी. या फिर टारगेट कोई और ही था. पुलिस कुंडली खंगालने में जुटी थी. तभी मुखबिर से सूचना मिलती है कि मुकेश की बेटी खशुबू जिसकी मौत हो चुकी है. उसकी शादी 2024 में थावरी कला के रहने वाले अखिलेश कसार से हुई थी. खुशबू ने घर से भागकर लव मैरिज की थी, लेकिन वो कुछ महीनों से अपने मायके में ही रह रही थी. उसकी ससुर, ननद और देवर से अनबन चल रही थी. खुशबू ने अपने ससुर पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए थे और घर छोड़कर मायके आ गई थी.

सख्ती से पूछताछ करने के बाद साजिश से पर्दा उठता है

पुलिस के जहन में सवाल उठने लगा था कि कहीं ऐसा तो नहीं कि खुशबू को सबक सिखाने के लिए ससुराल वालों ने ही कोई साजिश रची हो, क्योंकि खुशबू के आरोपों से ससुर की समाज में काफी बदनामी हो रही थी. ससुराल वाले उसे घर ले जाना चाहते थे, लेकिन वो किसी भी सूरत में जाने के लिए तैयार नहीं था. पुलिस अब खुशबू के ससुराल वालों से पूछताछ करती है. पूछताछ में ससुराल वालों के बयान संदेह के घेरे में आ जाते हैं, और पुलिस जब सख्ती बरतती है, तो इस खौफनाक साजिश से पर्दा उठ जाता है. खुशबू के ससुर झाड़ू कसार, देवर शुभम कसार और ननंद शिवानी कसार ने जुर्म कबूल कर लिया, और बताया कि उन्होंने ही खुशबू और उसके परिवार से बदला लेने के लिए साजिश रची थी. इसके लिए 5 जनवरी को रेकी की. देखा कि कब और कहां मिठाई रखी जा सकती है और इसके बाद 8 जनवरी की रात को मिठाई में जहरीली दवा सोमल मिलाकर चाय के ठेले के पास रख दिया.

तीनों आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचे

पुलिस ने खुशबू के ससुर, ननद और देवर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. जिन्होंने बदला लेने की नीयत से तीन-तीन जिंदगियों को खत्म कर दिया, लेकिन उनकी इस खौफनाक साजिश का शिकार पीएचई का चौकीदार भी हो गया. जिसका ना इन परिवारों से कोई संबंध था और ना ही उसका कोई कसूर था.

ये भी पढें: MP News: 1.5 किलो एमडी ड्रग बरामद, अंतरराष्ट्रीय कीमत डेढ़ करोड़ से ज्यादा, कुख्यात अपराधी नंदू पाटीदार गिरफ्तार

ज़रूर पढ़ें