पाकिस्तान में रणवीर सिंह का गदर! ‘धुरंधर 2’ रिलीज होते ही क्रैश हुआ नेटफ्लिक्स का सर्वर, फैंस रात भर करते रहे इंतजार
धुरंधर 2 का पाकिस्तान में कहर
Dhurandhar 2 OTT Release In Pakistan: साल 2025 में आई रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने शानदार कमाई की और साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. वहीं 19 मार्च 2026 को इसका दूसरा पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गया. देश से लेकर विदेश तक ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट्स को फैंस का भरपूर प्यार मिला. महीनों बीत जाने के बाद भी हर तरफ बस ‘धुरंधर’ की ही गूंज सुनाई दे रही है. बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है. करीब 1 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ के ओटीटी पर रिलीज होते ही पाकिस्तान में तहलका मच गया. आइए जानते हैं कि ओटीटी के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर 2’ के रिलीज होते ही ऐसा क्या हो गया, जिसकी चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है.
‘धुरंधर 2’ रिलीज के बाद पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स का सर्वर डाउन
एक्टर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों दोबारा सुर्खियों में है. इसकी वजह इस फिल्म का ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज होना है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आते ही पाकिस्तान में इस फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखा गया. फिल्म देखने के लिए वहां इतनी भारी भीड़ उमड़ी कि नेटफ्लिक्स का सर्वर ही डाउन हो गया. जैसे ही दर्शकों ने फिल्म देखना शुरू किया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नेटफ्लिक्स में आ रही दिक्कतों की शिकायतें आने लगीं.
कई लोगों ने लिखा कि या तो फिल्म खुल नहीं रही है या फिर बहुत रुक-रुक कर चल रही है. इसी बीच एक पाकिस्तानी लड़के का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहा है कि लोग रात 12 बजे से फिल्म का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सर्वर क्रैश होने की वजह से फिल्म देखने में परेशानी हो रही है. वीडियो में उसने स्क्रीन पर आ रही दिक्कत को भी दिखाया है. इसके अलावा भी कई और यूजर्स ने सर्वर फेल होने की बात कही है.
‘धुरंधर 2’ में कौन-कौन कलाकार लीड रोल में हैं?
- इस फिल्म का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर आदित्य धर ने किया है.
- ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश इकबाल जैसे बड़े कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.