New OTT Release: वैलेंटाइन वीकेंड को खास बनाएंगी ये 15 नई फिल्में और सीरीज, रोमांस से लेकर थ्रिलर तक सबकुछ
OTT रिलीज मूवी और वेब सीरीज
New OTT Release: इस साल वैलेंटाइन डे शनिवार के दिन है. वीकेंड होने के कारण कुछ अपने घर पर ही पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने का प्लान बना रहे हैं. अगर आपने भी कुछ ऐसा ही प्लान बनाया है तो OTT आपके इस वीकेंड को और भी ज्यादा खास बना सकता है. OTT पर 15 हाल ही में रिलीज हुई फिल्में और वेब सीरीज हैं, जो रोमांस से लेकर हॉरर और थ्रिलर तक भरपूर हैं. इतना ही नहीं इनमें ड्रामा और K-ड्रामा भी शामिल हैं. देखें लिस्ट-
कोहरा सीजन 2
11 फरवरी को Netflix पर रिलीज हुई कोहरा सीजन 2 में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अमरपाल गरुंडी के किरदार में बरुण सोबती की वापसी हुई है. इस बार एक नया मर्डर केस है, जहां एक महिला (पूजा भमराह) की हत्या उसके ही भाई के घर (बार्न) में हो जाती है. मामला फिर NRI से जुड़ा है और उसका पति (रणविजय सिंह) समेत कई लोग जांच और शक के घेरे में हैं.
अमर विश्वास
Amazon MX Player पर 11 फरवरी को रिलीज हुई ‘अमर विश्वास’ एक नई हिंदी वेब सीरीज है, जिसमें राजीव खंडेलवाल लीड रोल में हैं. इस सीरीज में मीडिया में एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की खूब चर्चा है. इसमें फिल्म प्रोड्यूसर जेसु मोमिन की क्रूर हत्या हो जाती है. सब इसे ‘ओपन एंड शट’ केस मान रहे हैं, लेकिन तेज-तर्रार वकील अमर विश्वास न्याय की लड़ाई लड़ते हैं. सुहास शिरवलकर के मशहूर उपन्यास पर आधारित यह कहानी एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करती है. कोर्ट में अमर का सामना अपने पुराने मेंटर से होता है.
मना शंकर वर प्रसाद गारु
यह एक तेलुगु फिल्म है, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट होने के बाद अब हिंदी में रिलीज हुई है. मेगास्टार चिरंजीवी नेशनल सिक्योरिटी गार्ड अधिकारी शंकर वर प्रसाद के रोल में हैं, जो अपनी अलग रह रही पत्नी शशिरेखा (नयनतारा) और बच्चों के पास लौटने की कोशिश कर रहे हैं. तलाक का कारण शशिरेखा के पिता (सचिन खेडेकर) से ईगो क्लैश है. यह फिल्म 12 फरवरी को ZEE5 पर आ चुकी है.
द बर्ब्स
‘द बर्ब्स’ एक डार्क कॉमेडी सीरीज है, जो 9 फरवरी को JioHotstar/Peacock पर स्ट्रीम हो चुकी है. इस सीरीज में नए माता-पिता समीरा (केके पामर) और रॉब (जैक व्हाइटहॉल) रॉब के बचपन के घर में शिफ्ट हो जाते हैं. यहां हिंकले हिल्स की एक अनोखी गली, ऐशफील्ड प्लेस है, लेकिन उनकी शांत जिंदगी तब उलट-पुलट हो जाती है, जब सड़क पार एक 20 साल से खाली विक्टोरियन घर में एक रहस्यमयी आदमी आ बसता है. समीरा को अजीब हरकतें दिखती हैं और उसे शक होता है कि ‘अमेरिका का सबसे सुरक्षित शहर’ वैसा नहीं है जैसा दिखता है. 1989 की टॉम हैंक्स की कल्ट क्लासिक को मॉडर्न सबअर्बन स्टाइल में दोबारा पेश करती यह 8 एपिसोड की सीरीज मजेदार और डरावनी दोनों है.
दिस इज आई
10 फरवरी को Netflix पर रिलीज हुई दिस इज आई, एक जापानी LGBTQ+ ड्रामा फिल्म है. यह कहानी आइडल बनने की चाह में जूझते केंजी की है, जो अब कैबरे में अपनापन पाता है. वह डॉक्टर की मदद से अपने असली रूप ‘ऐ हारुना’ के तौर पर स्टेज पर उभरता है. यह बायोग्राफिकल ड्रामा सेको मात्सुडा की तरह आइडल बनने के सफर और जापान में पहली जेंडर कन्फर्मेशन सर्जरी (डॉ. वाडा द्वारा) को दिखाती है.
मोटरवैली
‘मोटरवैली’ एक इटालियन रेसिंग ड्रामा मिनी-सीरीज है, जो 10 फरवरी को Netflix पर रिलीज हो चुकी है.
क्रॉस सीजन 2
Prime Video पर 11 फरवरी को स्ट्रीम हुई ‘क्रॉस सीजन 2’ अरबपति प्लेबॉय लांस डूरंड (मैथ्यू लिलार्ड) की कहानी है. इसमें प्लेबॉय लांस डूरंड को जान से मारने की धमकी मिलती है. FBI डिटेक्टिव एलेक्स क्रॉस (एल्डिस हॉज) और एजेंट कायला क्रेग (एलोना टैल) उसे बचाने और कातिल को पकड़ने के मिशन पर हैं. जांच एक भ्रष्ट अरबपति तक पहुंचती है, जो अमीरों का शिकार कर रहा है.
लीड चिल्ड्रन
लीड चिल्ड्रन एक ड्रामा सीरीज है, जो 70 के दशक के सिलेसिया (पोलैंड) में सेट है. इसमें युवा डॉक्टर जोलांटा वाडोस्का-क्रोल (जोआना कुलिग) देखती हैं कि स्टील फैक्ट्री के पास बच्चे लेड पॉइजनिंग से बीमार हैं. वह बच्चों को बचाने की लड़ाई लड़ती है और कम्युनिस्ट सरकार से टकराती है. यह 11 फरवरी को Netflix पर स्ट्रीम हो चुकी है.
स्टेट ऑफ फियर
यह एक ब्राजीलियन थ्रिलर फिल्म है, जो ‘ब्रदरहुड सीरीज’ का पहला स्पिन-ऑफ है. यह फिल्म आपको कहीं भी पलक झपकाने का मौका नहीं देती है. यह फिल्म 11 फरवरी को Netflix पर रिलीज हो चुकी है.
प्रिडेटर: बैडलैंड्स
यह एक साइंटिफिक-फिक्शन और एक्शन फिल्म है, जो 12 फरवरी को JioHotstar पर रिलीज हो चुकी है.
लव मी लव मी
यह फिल्म स्टेफानिया एस. के नॉवेल पर आधारित है, जिसमें जून (मिया जेनकिंस) अपने भाई की मौत के बाद एक नई शुरुआत के लिए मिलान चली जाती है. यहां उसकी स्कूल लाइफ और प्यार की कहानी बताई गई है. यह 13 फरवरी को Prime Video पर रिलीज हो चुकी है.
म्यूजियम ऑफ इनोसेंस
यह एक तुर्की सीरीज है, जो ओरहान पामुक के बेस्टसेलर नॉवेल पर आधारित है. इसमें 70 के दशक के इस्तांबुल में अमीर केमल (सेलाहतिन पासाली) की सगाई होती है, लेकिन शॉपगर्ल फ्यूसन (एल्युल लिज़ कैंडेमिर) से प्यार हो जाता है. वह गायब हो जाती है. केमल सालों तक पागल रहता है और उसके सामान से म्यूजियम बना देता है. यह सीरीज Netflix पर मौजूद है.
द आर्ट ऑफ सारा
यह एक ड्रामा थ्रिलर है, जो Netflix पर 13 फरवरी को रिलीड हो चुकी है. इसमें सारा किम (शिन हे-सन) लग्जरी लाइफ के लिए झूठी पहचान अपनाती है. उसकी लाश सीवर में मिलती है. डिटेक्टिव पार्क म्यू-ग्योंग (ली जुन-ह्युक) जांच करता है, जिसके बाद सारा की कई पहचानें सामने आती हैं.
द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स
हॉरर फिल्म द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स JioHotstar पर 13 फरवरी को रिलीज हो चुकी है. इसकी शुरुआत पैरानॉर्मल एक्टिविटी से होती है. यह 13 फरवरी को JioHotstar पर स्ट्रीम हो चुकी है.
हाउ टू गेट टू हेवन फ्रॉम बेलफास्ट
इसमें बचपन की तीन दोस्तों की कहानी है, जिन्हें अपने चौथे दोस्त की मौत की खबर मिलती है. इसके बाद वे आयरलैंड में अंधेरे में खतरनाक सफर पर निकलते हैं. यह 12 फरवरी को Netflix पर रिलीज हो चुकी है.