रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 6 दिन में 800 करोड़ के पार पहुंची कमाई
रामायण
Ramayana: रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ पार्ट 1 बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म को रिलीज हुए अभी एक हफ्ता भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इसकी कमाई की रफ्तार ने हर किसी को हैरान कर दिया है. घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ फिल्म दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. 6 दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 823.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. फिल्म ने भारत में 6 दिनों में कुल 440.45 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. जबकि विदेशों में भी फिल्म की शानदार कमाई हुई है. विदेशों में फिल्म ने लगभग 297 करोड़ का कारोबार किया है.
मंगलवार को जमकर की कमाई
मंगलवार को गोवर्धन की छुट्टी का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला है और फिल्म ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में 800 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. रणवीर कपूर की ‘रामायण’1000 करोड़ क्लब में शामिल होने के बेहद करीब है. फिल्म को यह जादुई आंकड़ा छूने के लिए 176 करोड़ रुपये का कलेक्शन और करना है. जिसके बाद रणबीर अपनी ही 900 करोड़ी फिल्म एनिमल का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
इन फिल्मों को छोड़ा पीछे
मंगलवार को छठे दिन फिल्म ने भाई दूज और गोवर्धन की छुट्टियों के चलते भारत में 94.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इसी के साथ नितेश तिवारी की रामायण ने चार बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. रामायण ने धुरंधर: द रिवेंज, पुष्पा, गदर 2 और छावा जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इसी के साथ रामायण छठे दिन की कमाई के मामले में नंबर 1 फिल्म बन गई है. जिसने फिल्म रिलीज होने के छठे दिन 94 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है.
रामायण स्टार कास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण को नमित मल्होत्रा और यश ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर और यश के अलावा साई पल्लवी भी लीड रोल में है. इसके अलावा अन्य कलाकारों के रूप में अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता और रवि दुबे सहित कई कलाकार शामिल हैं.



