‘क्या कर लेगी वर्दी…’, जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका में मनचलों ने की लड़की से छेड़छाड़
युवती के साथ बदसलूकी करता युवक
Banka viral video: बिहार के जमुई की घटना ने देशभर के लोगाें में गुस्सा भर दिया. इसके बाद समस्तीपुर का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें लड़के एक युवती के साथ बदसलूकी करते नजर आए. लेकिन अब बांका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से युवती के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ युवक एक युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब 21 दिन पुराना है. वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है, लेकिन यह हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. पुलिस को वीडियो 22 सितंबर को मिला, जिसके बाद उसकी सत्यता जांचने के लिए टीम मंदार पर्वत पहुंची.
युवती का हाथ मरोड़ते दिखा युवक
वीडियो में एक युवक युवती का हाथ मरोड़ता और उसके साथ छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है. युवक के हाथ में चप्पल भी दिखाई दे रही है और वह युवती के साथ मारपीट करने की कोशिश करता दिख रहा है. वीडियो को ‘हम करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी सरकारी वर्दी’ गाने की लाइन के साथ रील के तौर पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है.
सोशल मीडिया सेल से पुलिस को मिली जानकारी
बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के मुताबिक, 22 सितंबर को करीब 2:45 बजे सोशल मीडिया सेल के जरिए यह वीडियो उनके व्हाट्सऐप पर भेजा गया था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वीडियो की जांच और घटनास्थल की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मंदार पर्वत पहुंची. करीब 3 बजे टीम ने मौके पर पहुंचकर वीडियो की जांच की और घटनास्थल की पुष्टि की.
छह अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR
पुलिस के अनुसार, वीडियो में छह अज्ञात युवक एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं. मामले को लेकर बौंसी थाना में छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने BNS की धारा 74, 75, 76 और 3(5) के साथ IT Act 2000 की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया है.
फिलहाल पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है. FIR दर्ज होने तक किसी भी आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी.
पर्यटन स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल
मंदार पर्वत बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है. ऐसे स्थान पर युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- जमुई के बाद समस्तीपुर का वीडियो वायरल! नाबालिग लड़की से सरेराह बदसलूकी, 4 गिरफ्तार