CEC Gyanesh Kumar Security: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली से लेकर मुंबई तक में प्रदर्शन हो रहा है. देश के अलग-अलग राज्यों में उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इन सब के बीच पिछले दिनों उनके आगरा वाले घर पर भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया था. यही वजह है कि अब उनके हर आवास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. चाहे दिल्ली हो या फिर आगरा हर जगह भारी पुलिस बल तैनात किया है.
ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर सुरक्षा दिल्ली पुलिस की तरफ से लगाई गई है. यह कदम ताजा खतरे से जुड़े इनपुट मिलने के बाद उठाया है. ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z-प्लस सुरक्षा मिली हुई है. लेकिन ताजा इनपुट के बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. परिसर के भीतर CISF की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं.
क्यों उठाया गया ये कदम?
दिल्ली पुलिस ने यह कदम देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच उठाया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले 2 दिनों से लगातार ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इसलिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
कांग्रेस और सीजेपी ने खोला ज्ञानेश के खिलाफ मोर्चा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की शुरुआत इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के बाद हुई. जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे कथित तौर पर चुनाव आयोग में अपनी मनमानी चलाते हैं. इसके साथ ही अपने साथ काम करने वाले लोगों की बात भी नहीं सुनते हैं. चाहे वे कई बार पत्र लिखें या फिर भरी मीटिंग में आपत्ति जताएं. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से ही ज्ञानेश के खिलाफ प्रदर्शन तेज हो गया.
कॉकरोच जनता पार्टी ने पिछले दिनों मुंबई में मार्च निकाला, तो वहीं कांग्रेस दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों में मोर्चा संभाले हुए है. उनके साथ कई विपक्षी दल भी साथ हैं. 10 अक्टूबर को सीजेपी दिल्ली में भी अपना विरोध प्रदर्शन करने वाली है.
गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है.
ये भी पढ़ें: ‘आपके पास सत्ता, लेकिन सड़कें…’, CJP आंदोलन से पहले भड़के अभिजीत दीपके, दी चेतावनी
